अपना शहर

लाल टिपारा देश की आदर्श गौशाला में बनेगा अमृत सरोवर;इस गौशाला को कई बार बेहतर प्रबंधन, गायों की बेहतर देखभाल के लिए पुरस्कार मिले हैं

उद्यानिकी मंत्री कुशवाह एवं भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने बीते रोज आदर्श गौशाला का भ्रमण किया, उन्होंने गौशाला में मियांवाकी पद्धति से किए पौधारोपण को देखा

ग्वालियर। लाल टिपारा स्थित गौशाला देश की आदर्श गौशाला है, इसे कई बार बेहतर प्रबंधन, गायों की बेहतर देखभाल के लिए पुरस्कार मिल चुका है। गौशाला में अब अमृत सरोवर बनाया जाए , इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। यह बात आदर्श गौशाला में भ्रमण के दौरान सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कही। 

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष जय प्रकाश राजोरिया, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र शर्मा, पार्षद बृजेश श्रीवास, कृष्णायन के संत  मधुरेंद्रानंद महाराज आदि उपस्थित थे। 

उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने गुरुवार को आदर्श गौशाला का भ्रमण किया, इस दौरान उन्होंने गौशाला में मियांवाकी पद्धति से किए गए पौधारोपण को देखा। इसके साथ ही उन्होंने बीमार ब्लॉक, बच्चा ब्लॉक, गाभिन (गर्भवती) ब्लॉक, दुधारू ब्लॉक आदि को देखा। इसके साथ ही उन्होंने सीएनजी प्लांट एवं पशु चिकित्सालय का भी भ्रमण किया।  इसके बाद उन्होंने गौशाला में गौ माता का पूजन किया।

 इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौशाला का प्रबंधन कार्य संभाल रहे श्री कृष्णायन देशी गौरक्षाशाला के संतों को साधुवाद है, जिन्होंने इतना बेहतर प्रबंधन किया है। यहां पर हर गौमाता स्वस्थ्य, हष्ट-पुष्ट है। उनमें अलग ही चमक है। इसके साथ ही उन्होंने पौधरोपण कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा पीएम नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया है, जिसका यहां पर बेहतर कार्य किया गया है। आमजनों ने भी यहां पर अपनी मां के नाम पर पौधरोपण किया है, जिनकी देखभाल संतों के द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर अमृत सरोवर बनना चाहिए, गौशाला में सरोवर के लिए जगह है, मैं यहां पर अधिकारियों से अमृत सरोवर के निर्माण के लिए बात करूंगा। जिससे यहां पर जल संचयन और संवर्धन हो सके।