ग्वालियर जिले में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के पदों की भर्ती प्रक्रिया राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी रहेगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने रिक्त पदों की जानकारी विभागीय वेबसाइट के साथ-साथ कार्यालयों में चस्पा करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। ग्वालियर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के रिक्त कुल 54 पदों की भर्ती की जायेगी। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 15 व सहायिकाओं के 39 पद शामिल हैं।
इन पदों की भर्ती के लिये एम.पी. ऑनलाइन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जायेंगे। इच्छुक महिला अभ्यर्थी चयन पोर्टल (https://chayan.mponline.gov.in) पर जाकर 13 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन पत्र ऑनलाइन भर सकती हैं। भरे गए फॉर्म में किसी भी प्रकार के त्रुटि सुधार के लिए 15 जुलाई 2026 तक का समय दिया जाएगा। विभाग द्वारा स्पष्ट किया है कि केवल पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों को ही स्वीकार किया जाएगा। किसी भी स्तर के कार्यालय में ऑफलाइन भेजे गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
ग्वालियर शहर के वार्डों में आंगनबाड़ी कार्यकता व सहायिका के रिक्त पदों का ब्यौरा
नगर निगम ग्वालियर के वार्ड-2 में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र सिंधिया नगर में सहायिका का एक पद एवं वार्ड-8 में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र भीकम नगर में सहायिका का एक पद रिक्त है। इसी प्रकार वार्ड-15 में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र गदाईपुरा में कार्यकर्ता का एक, वार्ड-14 में रमटापुरा-3 में सहायिका का एक, वार्ड-17 में नई कॉलोनी नं.2, आरामिल-1 व चमडा मोहल्ला में सहायिका के एक – एक पद, वार्ड-18 में महाराजपुरा-1 व शताब्दीपुरम में सहायिका के एक – एक पद, वार्ड-19 में जड़ेरूआ में सहायिका का एक पद, वार्ड-20 में सैनिक कॉलोनी में सहायिका का एक पद, वार्ड-28 में भीमनगर-2 में कार्यकर्ता का एक व भीमनगर-3 में सहायिका का एक पद, वार्ड-27 में आंगनबाड़ी केन्द्र सत्यनारायण संतर, त्यागीनगर-2 व आर्यनगर में कार्यकर्ता का एक – एक पद, वार्ड-26 में रिसालाबाजार में सहायिका का एक पद, वार्ड-53 में नयापुरा क्र.-2 में कार्यकर्ता का एक पद, वार्ड क्र.-49 में हरिअन्ना की पायगा क्र.-2 में सहायिका का एक पद, वार्ड-56 में मुडिया पहाड़ क्र.-1 में सहायिका का एक पद, वार्ड-59 में केदारपुर में सहायिका का एक पद एवं वार्ड क्र.-60 में आंगनबाड़ी केन्द्र फूटी कॉलोनी में सहायिका का एक पद रिक्त है।
इन ग्रामों में रिक्त पदों की होगी भर्ती
जनपद पंचायत डबरा के आंगनबाड़ी केन्द्र चितावनी व सुनवई दफई में सहायिका, आंगनबाड़ी केन्द्र कुम्हर्रा में कार्यकता, आंगनबाड़ी केन्द्र धवा, कैथोदा, बडेरा बुजुर्ग, करही-1 व निभैरा में सहायिका के एक – एक पद रिक्त हैं। इसी प्रकार जनपद पंचायत मुरार के आंगनबाड़ी केन्द्र पारसेन-1 में कार्यकर्ता, टिहोली-1, सतकपुरा व सांतलपुर में सहायिका, जनपद पंचायत भितरवार के आंगनबाड़ी केन्द्र देवरीकला-1, मस्तूरा-2, कछौआ-1 व डोंगरपुर में कार्यकर्ता एवं मछरिया, तोडा, श्यामपुर, सहारन, रजौआ व मोहनगढ़-1 में सहायिका, जनपद पंचायत घाटीगांव में आंगनबाड़ी केन्द्र चराई रेंहट, डांडी का पुरा व ओड़पुरा में कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी केन्द्र बेरखेडा, ग्राम खुडावली, नयागांव क्रैशर, सियावरी मिनी, चंगोरा व कुलैथ में सहायिका के एक – एक पद रिक्त हैं। साथ ही नगर परिषद मोहना के आंगनबाड़ी केन्द्र मोहना-1 में सहायिका का एक पद रिक्त है।
स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता
भर्ती में स्थानीय पात्रताधारियों को प्राथमिकता मिलेगी। इन पदों पर चयन के लिए पारदर्शिता और स्थानीय प्रतिनिधित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। नियमों के मुताबिक, आवेदिका का उसी राजस्व ग्राम या शहरी वार्ड का निवासी होना अनिवार्य है, जहां का पद रिक्त है। किसी अन्य ग्राम या वार्ड की महिला इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र नहीं मानी जाएगी। इससे स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता मिलने से मैदानी स्तर पर सेवाओं का कुशल संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
न्यूनतम योग्यता हायर सेकण्डरी, आयु सीमा 18-35 वर्ष तय
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा के मापदंडों के अनुसार, दोनों ही पदों के लिए आवेदिकाओं का हायर सेकेंडरी अर्थात 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अन्य राज्यों या अशासकीय बोर्डों की अंकसूचियों को तभी मान्यता दी जाएगी जब वे माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की समकक्षता सूची में शामिल हों। साथ ही 1 जनवरी 2026 की स्थिति में आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है, जिसकी पुष्टि के लिए 10वीं बोर्ड की अंकसूची संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन के दौरान सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करने होंगे, जिसके लिए निर्धारित शुल्क 100 रुपये और 18 प्रतिशत जीएसटी तय किया गया है।है।
