अपना शहर

"शहरवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि"; अब मनमाने आकार के नहीं लगेंगे होर्डिंग एवं यूनिपोल, नगर निगम बनाएगा प्रदेश की पहली OMD साइज रेगुलेशन पॉलिसी

नगर निगम ने शहर के समस्त विज्ञापन संचालकों, एजेंसियों, भूमि एवं भवन स्वामियों तथा संबंधित हितधारकों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं

होर्डिंग यूनीपोल सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, अनुमति निरस्त के साथ दर्ज होगी FIR : बाल भवन के टीएलसी सभागार में हुई होर्डिंग संचालकों की बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहरवासियों की सुरक्षा, ट्रैफ़िक व्यवस्था, शहरी सौंदर्यीकरण तथा विज्ञापन संरचनाओं के मानकीकरण को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की पहली आउटडोर मीडिया डिवाइस (OMD) साइज रेगुलेशन पॉलिसी तैयार की जा रही है।

नोडल अधिकारी होर्डिंग अनूप लिटोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में नगर निगम ग्वालियर द्वारा प्रस्तावित नीति के अंतर्गत निजी भूमि, निजी भवनों, सार्वजनिक निगम भूमि एवं शासकीय भूमि पर स्थापित किए जाने वाले यूनिपोल, होर्डिंग, बिलबोर्ड, ग्लो-साइन तथा अन्य आउटडोर मीडिया डिवाइसों के आकार एवं स्थान का विनियमन किया जाएगा। भविष्य में विज्ञापन संरचनाओं की अनुमति सड़क की चौड़ाई, स्थल की उपलब्धता, भवन के क्षेत्रफल, संरचनात्मक सुरक्षा एवं जनसुरक्षा मानकों के आधार पर प्रदान की जाएगी।

नगर निगम ग्वालियर द्वारा इस संबंध में शहर के समस्त विज्ञापन संचालकों, एजेंसियों, भूमि एवं भवन स्वामियों तथा संबंधित हितधारकों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। सुझाव प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह की अवधि निर्धारित की गई है।

नगर निगम का उद्देश्य ऐसी संतुलित नीति तैयार करना है जिससे विज्ञापन व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ जनसुरक्षा एवं शहरी सौंदर्यीकरण भी सुनिश्चित हो सके। प्रस्तावित नीति में सड़कों की चौड़ाई, विशेषकर 9 मीटर से कम चौड़ी सड़कों वाले क्षेत्रों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाएगा।

नई नीति लागू होने के बाद विज्ञापन संरचनाओं के लिए मानक आकार निर्धारित किए जाएंगे तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही यूनिपोल, होर्डिंग एवं बिल-बोर्ड की अनुमति प्रदान की जाएगी। इससे शहर में विज्ञापन संरचनाओं की एकरूपता स्थापित होगी तथा अनियंत्रित एवं अत्यधिक बड़े आकार की संरचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

नगर निगम ग्वालियर समस्त विज्ञापन एजेंसियों एवं संबंधित पक्षों से अनुरोध करता है कि वे अपने सुझाव निर्धारित अवधि के भीतर नगर निगम कार्यालय में लिखित रूप से प्रस्तुत करें, जिससे सभी हितधारकों के सुझावों के आधार पर एक व्यावहारिक एवं प्रभावी नीति तैयार की जा सके।

होर्डिंग यूनीपोल सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, अनुमति निरस्त के साथ दर्ज होगी FIR :  निगमायुक्त 

 नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने शहर के सभी होर्डिंग, यूनिपोल एवं अन्य आउटडोर मीडिया डिवाइस (ओएमडी) संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने सभी स्ट्रक्चरों की तत्काल तकनीकी एवं संरचनात्मक जांच कराएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अनुमति को निरस्त करने की कार्रवाई के साथ संचालक के विरुद्ध FIR दर्ज कराया जाएगा।

बाल भवन स्थित टीएलसी सभागार में आयोजित होर्डिंग संचालकों की बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि आउटडोर मीडिया संचालन से संबंधित हाईकोर्ट के सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से जिन भी होर्डिंग यूनिपोल स्ट्रक्चरों में सुधारात्मक कार्य आवश्यक हों, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। नगर निगम द्वारा इन कार्यों का क्रॉस वेरिफिकेशन भी कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि विज्ञापन संरचनाओं की जांच केवल पोस्ट ग्रेजुएट एमटेक (स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग) योग्यता प्राप्त विशेषज्ञों से ही कराई जाए।

बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने कहा कि सभी ओएमडी संचालक निगम के शुल्क एवं अन्य देय राशि का नियमित भुगतान समय पर करें, जिससे बकाया राशि न बढ़े और निगम के कार्यों के संचालन में सुविधा बनी रहे। उन्होंने बकाया राशि के संबंध में जारी नोटिसों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान कई होर्डिंग संचालकों ने बताया कि उनके द्वारा बकाया राशि जमा करने के बावजूद निगम के पोर्टल पर भुगतान अपडेट नहीं हो रहा है, जिसके कारण उन पर लगातार पेनल्टी बढ़ रही है। इस पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन संचालकों ने भुगतान कर दिया है, उनके दस्तावेज एवं बैंक स्टेटमेंट का परीक्षण कर 30 जून तक सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

निगमायुक्त  ने कहा कि नगर निगम ग्वालियर की राजस्व आय बढ़ाने के उद्देश्य से नए पैकेज तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी होर्डिंग संचालकों से इस दिशा में उपयोगी सुझाव देने का आह्वान किया।

बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, होर्डिंग नोडल अधिकारी अनूप लिटोरिया सहित शहर के अनेक होर्डिंग संचालक उपस्थित रहे।