ग्वालियर। नीट एवं सीबीएसई में हुए कथित घोटालों के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा आज शाम ग्वालियर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया।भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित इस जुलूस में हजारों की संख्या में युवा शामिल हुए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
मशाल जुलूस गांधी रोड क्लब, थाटीपुर से प्रारंभ होकर परशुराम चौराहा पर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान युवाओं ने छात्र हितों के समर्थन में नारे लगाए तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, पूर्व मंत्री सचिन यादव, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, प्रदेश प्रभारी शिवी चौहान, सह-प्रभारी रूपेश सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने नीट एवं सीबीएसई से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों और अभिभावकों का विश्वास प्रभावित हुआ है।
युवा कांग्रेस के मितेंद्र सिंह ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में मौजूद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
