भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को मप्र की यात्रा के पहले दिन तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में ओंकारेश्वर तीर्थ और द्वादश ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर के दर्शन कर अभिषेक भी किया। उन्होंने ममलेश्वर और ओंकारेश्वर भगवान के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने 12 ज्योतिर्लिंग में से एक ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पहले नंदी प्रतिमा पर बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मुख्य गर्भगृह में मुख्य पुजारियों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज और विशेष मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक और पूजन किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने देशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। ओंकारेश्वर तीर्थ के दर्शन के पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने स्मृति चिह्न भेंट किया। क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी राष्ट्रपत मुर्मु को स्मृति चिन्ह के रूप में नर्मदेश्वर शिवलिंग, शंख और भगवान ओंकारेश्वर तीर्थ का छायाचित्र भेंट किया। इस अवसर पर जनजाति कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह, क्षेत्रीय विधायक नारायण पटेल, इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी अनुराग सिंह व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का पवित्र नगरी ओंकारेश्वर आगमन पर आत्मीय स्वागत , राज्यपाल और प्रभारी मंत्री लोधी ने की अगवानी
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के गुरुवार को पवित्र नगरी ओंकारेश्वर में आगमन पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री तथा प्रभारी मंत्री धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
जनजातीय कार्य एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक मान्धाता नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, खंडवा विधायक कंचन तन्वे, खण्डवा महापौर अमृता अमर यादव ने भी उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, डीआईजी खरगोन रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने भी स्वागत किया।
शुक्रवार को विश्व सिकल सेल दिवस पर ओंकारेश्वर में होगा भव्य समारोह, राज्यपाल एवं सीएम भी उपस्थित रहेंगे
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विश्व सिकल सेल दिवस 19 जून को ओंकारेश्वर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं सीएम डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।
सिकल सेल रोग उन्मूलन की दिशा में मध्यप्रदेश लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। जनजातीय बहुल क्षेत्रों में व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाकर अब तक 1 करोड़ 32 लाख 43 हजार 877 से अधिक लोगों की सिकल सेल जांच की जा चुकी है। इनमें 39 हजार 948 रोगियों और 2 लाख 42 हजार 648 कैरियर की पहचान की गई है। साथ ही 1 करोड़ 20 लाख 28 हजार 881 से अधिक सिकल सेल कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और 3,700 सिकल मित्रों को समुदाय आधारित जागरूकता एवं सहयोग के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
प्रदेश में नेशनल सिकल सेल पोर्टल के माध्यम से स्क्रीनिंग, ट्रैकिंग एवं सतत डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे रोगियों की नियमित निगरानी एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित हो रहा है। गर्भवती महिलाओं की सिकल सेल जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा तथा विशेष प्रबंधन संबंधी नवाचारों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सिकल सेल प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क दवाइयाँ, आवश्यक जांच एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रदेश के जनजातीय अंचलों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, चिकित्सकीय एवं प्रबंधकीय स्टाफ का निरंतर प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक टीकाकरण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड एवं पेंशन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। स्कूलों, कॉलेजों एवं छात्रावासों में भी नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
