ग्वालियर।आगामी नीट 2026(NEET) पुनः परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार, ग्वालियर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों के संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एएसपी ग्वालियर सुजावल जग्गा, एएसपी ग्रामीणग्वालियर जयराज कुबेर, प्रभारी जिला विशेष शाखा ग्वालियर पुष्पलता वापजेयी सहित आकाश इंस्टीट्यूट, एलन कोचिंग ग्वालियर, एजूकुल क्लासेस, प्रखर इंस्टीट्यूट, मॉलेक्युलर क्लासेस, वर्धनी क्लासेस, अनअकेडमी, फिजिक्स वाला, फिजिक्स क्लासेस, शिखर क्लासेस, नारायणा कोचिंग, भारतीय कोचिंग एवं फिजिक्स यूनिवर्स आदि संस्थानों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नीट पुनः परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना तथा परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता, अफवाह या साइबर अपराध की संभावनाओं को रोकना था। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा से पूर्व एवं परीक्षा अवधि के दौरान पेपर लीक, फर्जी प्रश्नपत्र, डिजिटल फ्रॉड, सोशल मीडिया पर फैलाए जाने वाले भ्रामक संदेशों एवं अन्य किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व, अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को भ्रमित करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मैसेजिंग एप्स अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। ऐसे मामलों में साइबर पुलिस एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा से संबंधित फर्जी सूचना प्रसारित करता है, पेपर लीक की अफवाह फैलाता है अथवा अभ्यर्थियों से ठगी करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैठक में उपस्थित कोचिंग संचालकों से अपील की कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अफवाहों एवं साइबर ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक करें। साथ ही यदि किसी भी कोचिंग संचालक अथवा छात्र को परीक्षा से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि, भ्रामक सूचना या अवैध कृत्य की जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान परीक्षा दिवस की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें अभ्यर्थियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन, परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी यातायात प्रबंधन, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों से विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की सलाह देने का आग्रह किया।
बैठक के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने आश्वस्त किया कि ग्वालियर पुलिस द्वारा परीक्षा की सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है, जिससे वे बिना किसी तनाव एवं व्यवधान के अपनी परीक्षा दे सकें।
