टॉप न्यूज़

प्रदेशव्यापी “योगा विधिक सप्ताह”; केन्द्रीय जेल ग्वालियर में योगा विधिक सप्ताह का शुभारंभ; 21 जून तक जेलों में मनेगा प्रदेशव्यापी योगा विधिक सप्ताह

केन्द्रीय जेल ग्वालियर में आयोजित योगा विधिक सप्ताह के शुभारंभ में मुख्य अतिथि के रूप में हाईकोर्ट ग्वालियर बैंच के प्रशासनिक न्यायाधिपति जीएस अहलूवालिया मौजूद रहे

ग्वालियर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश अनुसार ग्वालियर सहित प्रदेश की जेलों में निरुद्ध बंदियों के लिए 15 जून से 21 जून 2026 तक “योगा विधिक सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर एवं कार्यपालक अध्यक्ष, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायमूर्ति श्री विवेक रूसिया द्वारा ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय जेल ग्वालियर सहित प्रदेश की अन्य केन्द्रीय जेलों, जिला जेलों एवं उप जेलों में निरुद्ध बंदियों ने योगाभ्यास कर सहभागिता निभाई। केन्द्रीय जेल ग्वालियर में आयोजित हुए योगा विधिक सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति जीएस अहलूवालिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललित किशोर, प्रिंसिपल रजिस्ट्रार एवं सचिव उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति राजीव के पाल, विशेष न्यायाधीश (अत्याचार निवारण अधिनियम) ऋतुराज सिंह चौहान, नगर निगम मजिस्ट्रेट निशांत मिश्रा, रजिस्ट्रार भूपेन्द्र सिंह कुशवाह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर पुष्पेन्द्र सिंह, अधीक्षक केन्द्रीय जेल विदित सरवैया, विधिक सहायता अधिकारी उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर सनातन सेन, जिला विधिक सहायता अधिकारी ग्वालियर अंकिता शांडिल्य सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी तथा जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

योग शिविर में भाग लेने वाले बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ग्वालियर की ओर से टी-शर्ट भी वितरित की गईं। कार्यक्रम के दौरान बंदियों को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया तथा नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।