ग्वालियर। प्रदेश सरकार की पहल पर हर मंगलवार को होने वाली जन-सुनवाई असहायों व जरूरतमंदों का संबल बनकर उनके आँसू पोंछती है। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मदद की आस में पहुंची रेखा कुशवाह व रितु डेमला को सहारा मिला है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने इन दोनों महिलाओं को तात्कालिक आर्थिक मदद उपलब्ध कराई है। साथ ही उन्हें शासन की योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार 132 लोगों की सुनवाई हुई।
मंगलवार को जन-सुनवाई में पहुँचे लोगों की जल्द से जल्द सुनवाई करने के लिये कलेक्टर रुचिका चौहान ने आवेदकों को अपने कक्ष में बुलाकर समस्यायें सुनीं। साथ ही कलेक्ट्रेट के सभागार में अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने हर बार की तरह जन सामान्य की समस्यायें सुनकर उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में धौकलपुरा सिकन्दर कम्पू निवासी रेखा कुशवाह अपने लगभग डेढ़ महीने के बच्चे को लेकर मदद की आस में पहुँचीं थीं। उन्होंने कलेक्टर रुचिका चौहान को अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि मेरे बच्चे को डॉक्टर ने किडनी की बीमारी बताई है। जिसके इलाज पर बड़ा खर्चा आयेगा। मेरा परिवार इसको लेकर बहुत परेशान है। कलेक्टर ने रेखा कुशवाह को ढांढस बंधाया। उन्होंने तात्कालिक आर्थिक मदद उपलब्ध कराई। साथ ही सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि रेखा कुशवाह के बच्चे का इलाज एम्स भोपाल में कराने के लिये रेफरल सुविधा उपलब्ध कराएं। इसके अलावा रेखा कुशवाह के पति का श्रमिक कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए। इस कार्ड के आधार पर उन्हें अन्य आर्थिक मदद भी मिल सकेगी।
इसी तरह बापूदंडी की गोठ माधौगंज निवासी रितु डेमला को भी कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन से आर्थिक मदद उपलब्ध कराई है। रितु डेमला के पति का हाल ही में देहांत हो गया था। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुँचकर अपनी परेशानी बताते हुए कहा था कि पति के असमय निधन से पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करने में मुझे परेशानी आ रही है। कलेक्टर ने तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार के लिये सरकार की योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराने का प्रकरण तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में प्राप्त हुए 132 आवेदनों में से 76 आवेदन दर्ज किए गए। शेष 56 आवेदन निराकरण के लिये सीधे ही संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। इन आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण करने के लिये कहा गया है।
सिटीसेंटर स्थित निगम मुख्यालय में हुई जनसुनवाई में निगमायुक्त ने सुनी आमजन की समस्याएं, निराकरण के निर्देश
आमजनों की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई। जिसमें निगमायुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर एवं मुनीष सिंह सिकरवार ने आमजनों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सिटीसेंटर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में वार्ड 50 निम्बाजी की खोह जीवाजीगंज निवासी पियूष पोहेलकर ने आवेदन देकर बताया कि महाराज बाडा, नजरबाग मार्केट पर अवैध रूप से रखी गुमटियों से यातायात अवरूद्ध होता है, आवेदक ने उचित कार्यवाही के संबंध में, वही कृष्णा विहार कॉलोनी के समस्त निवासीयों ने आवेदन देकर बताया कि कृष्णा विहार कॉलोनी में बरसात के समय पानी की निकासी के लिए नाली नहीं होने पर सीवर ऑवरफ्लो होते हैं और गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। प्रभावित क्षेत्र के आवेदकों ने उचित कार्यवाही के संबंध में आवेदन दिया है। इसी तरह पुरानी छावनी निवासी सूरज खटीक ने आवेदन देकर बताया कि स्वीकृत कॉलोनी में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग एवं कॉलोनी विकास कार्य किए जा रहे हैं, आवेदक ने कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की है। वार्ड 19 कुंज विहार कॉलोनी फेस-2 के निवासीयों ने आवेदन देकर अवगत कराया कि सीवर लाइन छोटी होने के कारण हमेशा सीवर ओवर फ्लो रहता है, आवेदकों ने उचित कार्यवाही के संबंध अपना आवेदन निगमायुक्त को दिया है। निगमायुक्त ने आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कुछ समस्याओ का निराकरण त्वरित करते हुए बांकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही जनसुनवाई में पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास, सीवर सफाई, नामांतरण आदि से संबंधित 30 से अधिक आवेेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।
