ग्वालियर। जिले के सभी 296 ग्राम पंचायत भवनों में 15 जुलाई तक स्मार्ट मीटर लगवाएं। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि नल-जल योजनाओं व अन्य पेयजल स्त्रोतों की विद्युत आपूर्ति कदापि बाधित न हो। यह निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिले में राज्य शासन के दिशा- निर्देशों के तहत चलाए जा रहे जनकल्याण अभियान के दौरान खसरा – खतौनी की कॉपी प्रमुखता से वितरित करने के निर्देश भी सभी एसडीएम को दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले में जनकल्याण शिविरों के माध्यम से अब तक लाभान्वित कराए गए हितग्राहियों व समस्याओं के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि राज्य शासन द्वारा निर्धारित 108 प्रकार की सेवाएं पात्र लोगों को उपलब्ध कराई जाएं। इसमें कोई ढ़िलाई न हो। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाए। साथ ही आवेदकों की जायज मांगों और शिकायतों का समाधान भी पूरी संवेदनशीलता के साथ करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद सहित जिले के एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। डबरा व भितरवार के एडीएम व तहसीलदार, नगरीय निकायों के सीएमओ व जनपद पंचायतों के सीईओ व्हीसी के जरिए बैठक में शामिल हुए।
संबल प्रकरणों के निराकरण में देरी पर लगाएं अर्थदण्ड
कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबल पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता से संबंधित प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लोक सेवा प्रबंधक को निर्देश दिए कि जिन जनपद पंचायतों के सीईओ व नगर पालिका व नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों द्वारा इन प्रकरणों के निराकरण में देरी की जा रही है, उन पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अर्थदण्ड लगाने की कार्रवाई करें।
शासकीय सेवक भी दे सकते हैं समान नागरिक संहिता पर अपने सुझाव
अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि शासकीय सेवक भी समान नागरिक संहिता पर अपने सुझाव दे सकते हैं। समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव देने के लिए कोई भी नागरिक ऑनलाइन पोर्टल https://ucc.mp.gov.in पर जाकर अपने विचार दर्ज कर सकते हैं। 22 जून तक ऑनलाइन विचार – सुझाव दर्ज कराए जा सकेंगे। कलेक्टर ने कहा कि देश के जागरूक नागरिक की तरह विभागीय अधिकारी समान नागरिक संहिता पर स्वयं सुझाव दर्ज कराएं। साथ ही अपने अधीनस्थ शासकीय सेवकों को भी इसके लिये प्रेरित करें।
बैठक की अन्य खास बातें एवं निर्देश
विश्व योग दिवस 21 जून को इस बार भी ग्वालियर किले पर होगा जिले का मुख्य आयोजन।
ग्वालियर जिले में भी राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत 19 व 20 जून को प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिये कार्यशालायें आयोजित होंगीं।
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों को जल्द से जल्द पूर्ण करने और घरसौंदी सिकरौदा व ककरधा में आंगनबाड़ी भवनों के लिये शासकीय जगह उपलब्ध कराने के निर्देश।
संभागीय आईआईटी में प्रवेश के लिये डबरा व भितरवार क्षेत्र के 8वी व 10वी पास बच्चों को जागरूक करें।
सभी विभाग हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रकरण बनाते समय हितग्राहियों की समग्र आईडी भी प्राप्त करें।
जिले में खाद वितरण के लिये किसानों को ई-टोकन बनाने के लिये प्रेरित करें।
सीएम हैल्पलाइन की पुरानी शिकायतों को अभियान बतौर निराकृत करने पर जोर।
