टॉप न्यूज़

"नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान"; खुरेरी में 6 बीघा सरकारी जमीन पर विकसित हो रही अवैध कॉलोनी के निर्माण और विकास कार्यो को हटाने की कार्रवाई जेसीबी मशीनों की सहायता से की गई,

उधर बीते रोज ग्रामीण विस में ही अवैध कॉलोनी काटने पर निगम का हथौड़ा चला है; ग्राम पिपरौली में निगम अमले ने 4.75 बीघा भूमि पर सड़क, सीवर, बिजली पोल, बाउण्ड्रीवॉल के साथ एक भवन आदि विकास कार्यों को हटाया गया है

नगर निगम सीमा में अवैध रूप से विकसित की जा रहीं कॉलोनियों पर कार्रवाई जारी, बेखौफ़ कॉलोनाइजर बिना अनुमति के धड़ल्ले से कॉलोनियां काट रहे हैं, ग्राम खुरेरी में सुबह से दोपहर बाद तक कार्रवाई की गई है, इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से ट्रैफ़िक में बाधक हाथठेले, फुटपाथी दुकानें एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गएगए

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 28 नवंबर को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खुरेरी में लगभग 6 बीघा शासकीय भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी के सड़क मार्ग सहित अन्य स्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से यातायात में बाधक हाथ ठेले, फुटपाथी दुकानें एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए।

नगर निगम की मदाखलत टीम द्वारा तहसीलदार  विजय शर्मा, नोडल अधिकारी मदाखलत  केशव सिंह चौहान के नेतृत्व में ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 61 स्थित ग्राम खुरेरी में सुबह से दोपहर बाद तक कार्रवाई की गई। यहां लगभग 6 बीघा शासकीय भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी की सड़क सहित अन्य चिह्नित स्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीनों एवं मदाखलत दल की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी अनिल श्रीवास्तव, संबंधित पटवारी, मदाखलत निरीक्षक , ग्रामीण मदाखलत दल, क्षेत्रीय कार्यालय का स्टाफ एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

इसी क्रम में हजीरा चौराहा, इंटक मैदान के बाहर, चार शहर का नाका रोड एवं किलागेट रोड सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। यहां यातायात में बाधक हाथ ठेलों, फुटपाथी दुकानों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाकर मार्गों को आवागमन के लिए सुगम बनाया गया। हाथ ठेला एवं फुटपाथी दुकानदारों को निर्धारित हॉकर्स जोन में भेजा गया तथा दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। कार्रवाई के दौरान मदाखलत निरीक्षक सहित ग्वालियर मदाखलत दल मौजूद रहा।

वहीं पाताली हनुमान मंदिर से कांच मिल जोन क्रमांक 05 के पास तक सड़क के बाईं ओर नाले पर रखी बांस-बल्लियां, नसैनियां एवं अन्य सामान हटवाने की कार्रवाई की गई। साथ ही वहां लगी गुमटियों, लोहे के एंगल, टीनशेड एवं भारी सामान सहित स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण करने वालों को एक दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की सख्त हिदायत दी गई। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सामान जब्त करने, हटाने एवं जुर्माने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

इसी प्रकार महाराज बाड़ा क्षेत्र में सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, एसबीआई बैंक, हेमू चौक, छापाखाना, स्काउट एवं गांधी मार्केट के प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई। यहां हाथ ठेलों एवं फुटपाथी दुकानदारों द्वारा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले फड़ों एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाकर बाजारों के मुख्य मार्ग खाली कराए गए। इस दौरान मदाखलत निरीक्षक दक्षिण मदाखलत दल मौके पर मौजूद रहा।

उधर ग्रामीण विस वार्ड क्र. 66 के अन्तर्गत ग्राम पिपरौली में अवैध कॉलोनी निर्माण पर चला निगम का हथोडा, निगम अमले ने विकास कार्यों को हटाये

नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रहीं अवैध कॉलोनियों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। कॉलोनाइजरों द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश, ग्वालियर एवं नगर निगम ग्वालियर की अनुमति के बिना कॉलोनियों में विकास कार्य किए जा रहे थे। बीते रोज ऐसी ही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई करते हुए निगम अमले द्वारा विकास कार्यों को हटाया गया है।
भवन अधिकारी वीरेन्द्र शाक्य के अनुसार  निगमायुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशों के अनुसार नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही हैै। जिसके तहत शुक्रवार को ग्रामीण विधानसभा के वार्ड क्र. 66 के अन्तर्गत ग्राम पिपरौली के सर्वे क्र. 107 रकवा 0.993 हेक्टेयर (4.75 बीघा) भूमि पर मोनू गुर्जर, जितेन्द्र, विमला साहू आदि के द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश एवं नगर निगम ग्वालियर से बिना कॉलोनी विकास अनुज्ञा प्राप्त किये अवैध रूप से निर्मित कॉलोनी में सड़क, सीवर, विद्युत पोल, बाउण्ड्रीवॉल एवं एक भवन आदि हटाने तथा कॉलोनाइजर द्वारा संबंधित भूमि का संपत्तिकर नहीं भरने के बाद कार्यवाही की गई है। इस बड़ी कार्यवाही में सहायक सिटी प्लानर मनीष यादव, नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान, मदाखलत अधिकारी शशिकांत शुक्ला, भवन निरीक्षक अनिल श्रीवास्तव, अजय शर्मा, सहा. राजस्व निरीक्षक आनंद यादव, कर संग्रहक, मदाखलत दस्ता एवं पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रहा ।