क्राइम

"ट्रैफ़िक पुलिस का सख्त एक्शन"; बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, ओवरलोड 77 स्कूली ऑटो पर गाज गिरी, लापरवाह ऑटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने के लिए आरटीओ को भेजा गया प्रतिवेदन

विशेष चेकिंग अभियान में ₹18,300 का 'समन-शुल्क' वसूला गया, ट्रैफ़िक थाना झांसी रोड सहित शहर के तीनों ट्रैफ़िक थानों की टीमों ने शुक्रवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया

ग्वालियर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज शुक्रवार 27 नवम्बर  को यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा शहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। विशेष अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह एवं एएसपी ट्रैफ़िक  के निर्देशन तथा डीएसपी ट्रैफ़िक के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान यातायात थाना झांसी रोड सहित ट्रैफिक थाना मध्य, पश्चिम एवं पूर्व की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई।  

​चेकिंग के दौरान 77 स्कूली ऑटो ऐसे पाए गए, जो निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन कर रहे थे। बच्चों के जीवन को खतरे में डालने वाली इस गंभीर लापरवाही पर सभी 77 ऑटो चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए कुल ₹18,300 का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने के लिए आरटीओ. कार्यालय की ओर प्रतिवेदन भेजा गया है।  

​यातायात पुलिस ग्वालियर का उद्देश्य स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना और किसी भी संभावित दुर्घटना या असुविधा से बचाना है। यातायात पुलिस द्वारा समस्त स्कूल बस और ऑटो चालकों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहनों में बच्चों की क्षमता से अधिक न बैठाएं और यातायात नियमों का पालन करें। इसके साथ ही यातायात पुलिस, ग्वालियर स्कूली बच्चों के अभिभावकों (पेरेंट्स) से भी अपील करती है कि वे स्वयं भी अपने बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान दें और उन स्कूली ऑटो व बसों पर निगरानी रखें, जिनसे उनके बच्चे आते-जाते हैं, तथा देखें कि वाहन चालक क्षमता से अधिक बच्चों को तो नहीं बैठा रहे हैं। यदि किसी वाहन में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाए जाते हैं, तो अभिभावक तुरंत इस संबंध में स्कूल प्रबंधन को सूचित करें और यातायात पुलिस व आरटीओ को भी इसकी जानकारी दें।