टॉप न्यूज़

"राष्ट्रीय चम्बल अभ्यारण्य में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई" ; वन अमले पर हमला कर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य की तलाश जारी

प्रकरण में गिरफ्तार दो आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी एवं छुड़ाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामदगी के प्रयास जारी हैं

अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में बीते दिनों वन विभाग एवं एसएएफ बल की संयुक्त गश्त के दौरान चम्बल नदी की रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई थी। इस दौरान वन अमले पर हमला कर शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को बलपूर्वक छुड़ाकर ले जाने की घटना के संबंध में वन विभाग एवं पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी एवं छुड़ाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट के  दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बीते दिनों राष्ट्रीय चम्बल अभ्यारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में वन अमले एवं एसएएफ बल द्वारा संयुक्त गश्त की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर के लगभग 12 बजे चम्बल नदी की रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिखाई दीं। वन कर्मचारियों द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालकों ने वाहन नहीं रोके। इस पर वन अमले ने शासकीय वाहनों से उनका पीछा किया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जब्त कर लिया, जबकि दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से फरार हो गई।

जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को वनरक्षक रामलखन गुर्जर द्वारा अधीक्षक कार्यालय, राष्ट्रीय चम्बल अभ्यारण्य, श्योपुर परिसर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान दोपहर लगभग एक बजे ढंगदा बायपास तिराहे पर कुछ व्यक्तियों ने वन अमले को रोककर पथराव एवं लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में गेम रेंजर, सबलगढ़ तथा दो वनरक्षक घायल हो गए। वन अमले ने मौके पर एक व्यक्ति को पकड़ लिया तथा घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर बाइक  भी जब्त की। इसी दौरान हमलावर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को बल-पूर्वक अपने साथ ले गए।

घटना के संबंध में वन विभाग द्वारा वन अपराध प्रकरण  पंजीबद्ध किया है। वहीं पुलिस थाना कोतवाली श्योपुर में नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रकरण में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

वन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी तथा छुड़ाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय चम्बल अभ्यारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन विभाग द्वारा गश्त, निगरानी एवं दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी है।