निगम मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त अरविंद शर्मा, अधीक्षण यंत्री सहित सभी कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं नोडल अधिकारी मौजूद रहे
ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने विभागीय प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शहर की सड़कों पर किये जाने वाले पेंच वर्क कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में पेंच वर्क का कार्य पूर्ण करें। जिससे आम नागरिकों को सड़क के गड्डों से राहत मिल सके। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर आवष्यक दिशा निर्देश दिए।
निगम मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त अरविंद शर्मा, उपायुक्तगण अधीक्षण यंत्री बाथम सहित सभी कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में निगमायुक्त ने सबसे पहले पेंच वर्क कार्य की समीक्षा की तथा गारंटी पीरियड की सड़कों पर जारी पेंच वर्क कार्य की समीक्षा की तथा इस हफ्ते में उक्त कार्य को हर हाल में पूर्ण करने के निर्देष दिए। उन्होंने कहा कि आगामी सोमवार को वह स्वयं पेंच वर्क कार्य का निरीक्षण करेगें। इसके साथ ही विभागीय स्तर पर किए जाने वाले पेंच वर्क कार्य को लेकर इस सप्ताह 2700 स्क्वायर मीटर पेंचवर्क कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जलकर वसूली की समीक्षा करते हुए इस हफ्ते 79.3 लाख की वसूली होने पर इसे बढ़ाकर 2 करोड तक करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आगामी सप्ताह में नये नल कनेक्शन, अवैध से वैध कनेक्शन एवं घरेलू से कमर्शियल नल कनेक्शन के लक्ष्य संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए कि 1 लाख से अधिक राशि के बकायेदारों से कार्यपालन यंत्री, 50 हजार रूपये से अधिक राशि के बकायेदारों से सहायक यंत्री एवं उसके नीचे के बकायेदारों से उपयंत्री लक्ष्य अनुरूप वसूली करें।
वहीं सम्पत्तिकर वसूली में 5 करोड लक्ष्य के विरूद्ध 2 करोड 16 लाख रूपये साप्ताहिक वसूली पर फटकार लगाते हुए आगामी सप्ताह में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की समीक्षा में सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को साप्ताहिक 25-25 हजार रूपये स्पॉट फाइन करने के निर्देश दिए और ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए सप्ताह में 32 ब्लैक स्पॉट साफ करने के लक्ष्य निर्धारित किए । इसके साथ ही स्वच्छता की दिवाली एक रुपये वाली को लेकर क्षेत्र अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
वहीं पार्क विभाग की समीक्षा में डिवाइडरों की साफ-सफाई की जानकारी ली गई, साथ ही उपायुक्त पार्क को निर्देशित किया कि प्रत्येक विधानसभा में साफ होने वाले डिवाइडरों की जानकारी संबंधित अपर आयुक्त को दें और अपर आयुक्त डिवाइडर का निरीक्षण करें कि सही तरीके से साफ हुआ या नहीं । साथ ही समग्र ई केवायसी समीक्षा की तथा लक्ष्य के अनुरूप सत्यापन एवं डुप्लीकेट आईडी डिलीट न करने पर क्षेत्राधिकारी 21 सत्येन्द्र उपाध्याय को नोटिस जारी करने के निर्देश के साथ ही अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
