ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे में गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय कल्पना परिहार (द्वितीय मरीज), निवासी थाटीपुर, ग्वालियर को आज मंगलवार सुबह 10:30 बजे एयर एंबुलेंस से एम्स भोपाल एयरलिफ्ट किया गया। उनके पैरों में फ्रैक्चर एवं पेट में गंभीर चोटें आई हैं। पूर्व में एक मरीज संजय शर्मा 36 साल निवासी कर्नल साहब की ड्योढी ग्वालियर, जिन्हें हाथ एवं पैरों में फ्रैक्चर की गंभीर चोटें आई थी,को भी 19 अक्टूबर को मध्यरात्रि 12 बजे के बाद भोपाल एम्स शिफ्ट किया गया है। कलेक्टर रुचिका चौहान के मार्गदर्शन में प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से यह व्यवस्था की गई। इसमें CMHO डॉ. एम. एस. सागर, जिला स्वस्थ अधिकारी एवं एयर एम्बुलेंस नोडल डॉ. दीपाली माथुर, जेएएच अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना तथा चिकित्सक डॉ. विवेक कामत, डॉ. विजय धाकड़ एवं डॉ. विपिन गर्ग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में मरीज का स्वास्थ्य स्थिर होने पर बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजा गया है।
शीतला माता मंदिर दुर्घटना में घायल 78 वर्षीय मोतीलाल का दुखद निधन, उन्होंने शिवपुरी लिंक रोड स्थित निजी लिंक हॉस्पिटल में दम तोड़ा
शीतला माता मंदिर दुर्घटना में चोट लगने से घायल मोतीलाल प्रजापति 78 वर्ष निवासी ग्राम सातऊ, गिर्द का मंगलवार को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। बता दे कि मोतीलाल प्रजापति के परिजन उन्हें निजी लिंक अस्पताल में इलाज के लिए ले गए थे। लिंक हॉस्पिटल में मृतक के बेटे नौकरी करते है। उनका वहाँ भर्ती होकर उपचार चल रहा था। मरीज को चोट लगने के कारण खून की नली में, खून का थक्का जमने (सुपरफिसिअल फ़ीमोरल थ्रोम्बोसिस ) से दुर्भाग्यवश निधन हो गया । मृतक को पूर्व में 2024 में हार्ट की बीमारी के कारण एक स्टेंट डल चुका था । भर्ती के दिन से लगातार सीएमएचओ निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों की निगरानी कर रहे हैं , बीते दिन की शाम को भी सीएमएचओ मरीज एवं परिजनों से मिलकर और बात करके आए थे । परंतु आज सुबह 6.15 बजे दुर्भाग्यवश उनकी सांसे थम गई ।
