टॉप न्यूज़

'शक्ति को समर्पित "विजयदशमी" महापर्व का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व ' : विधानसभा अध्यक्ष तोमर के मुख्य आतिथ्य में विजय दशमी पर वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच डीआरपी लाइन में हुआ शस्त्र पूजन

संभागायुक्त, कलेक्टर व एसएसपी ने भी यज्ञ में आहुतियाँ देकर किया शस्त्र-पूजन, एपेक्स बैंक प्रशासक,जीडीए व मेला अध्यक्ष भी शस्त्र पूजन में शामिल हुए

ग्वालियर। भारतीय सनातन संस्कृति में गहरे तक रची-बसी प्राचीन शस्त्र-पूजन परंपरा के अनुरूप दशहरा पर्व पर ग्वालियर में राज्य शासन के दिशा निर्देशों के तहत शस्त्रों की पूजा की गई। यहां डीआरपी लाइन स्थित पुलिस शस्त्रागार परिसर में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में जिले का मुख्य शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने इस अवसर पर सभी को विजयदशमी की बधाई एवं शुभकामनायें दीं। साथ ही कहा कि भारतीय संस्कृति एवं जनमानस में शक्ति को समर्पित विजय दशमी पर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय के साथ शक्ति की आराधना का भी पर्व है। उन्होंने माता रानी एवं ईश्वर से प्रार्थना की कि यह महापर्व देश को और सशक्त, समृद्ध व यशस्वी बनाए।

 अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र यादव, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदोरिया, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, पूर्व विधायक रामबरन गुर्जर, साडा उपाध्यक्ष हरीश मेवाफरोश, मेला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह व जीडीए उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधि, संभागायुक्त  मनोज खत्री,कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह भी इस शस्त्र-पूजन में शामिल हुए। 

बुराई पर अच्छाई की जीत के महापर्व विजय दशमी पर डीआरपी लाइन में आयोजित हुए कार्यक्रम में विस अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने सनातन संस्कृति के विधि-विधानों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच यज्ञ में पवित्र आहुतियाँ देकर शस्त्र पूजन किया। इसके बाद मंगल आरती की गईं। इसी क्रम में शक्ति पूजा की अन्य रस्म भी निभाई गईं।

इस बार भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में विजयदशमी पर्व पर सरकार और समाज की भागीदारी से शस्त्र पूजन किया गया। राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के तहत विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में इस साल दशहरा पर्व पर ग्वालियर में डीआरपी लाइन में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 जिला पंचायत  सीईओ सोजान सिंह रावत, आयुक्त नगर निगम  अभिषेक चौधरी,अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतिक राव , एमपीआईडीसी की प्रबंध निदेशक अनीशा श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर व एसपी लोकायुक्त निरंजन शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी इस अवसर पर मौजूद थे।हाल ही में शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुखद दुर्घटना की वजह से इस बार शस्त्र पूजन के बाद हर्ष फायर नहीं किए गए।

फायर ब्रिगेड एवं कार्यशाला विभाग में वाहनों का हुआ पूजन

विजयादशमी दशहरा के पावन पर्व के पावन अवसर पर नगर निगम ग्वालियर के फायर ब्रिगेड मुख्यालय पर फायर गाड़ियों एवं डीजल पंप पर मशीनों एवं अन्य सभी वाहनों का पूजन किया गया। इस अवसर पर  नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, मुनीष सिंह सिकरवार, कार्यपालन यंत्री पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता, फायर ऑफिसर उमंग प्रधान एवं सुश्री ग्रीष्म आर्या सहित एमआईसी सदस्य विनोद यादव एंव सभी अधिकारियों ने निगम के सभी वाहन एवं फायर ब्रिगेड के वाहन की पूजा की। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दी।