ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत स्थित शीतला माता मंदिर के समीप शनिवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया है। इस कठिन घड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के निवास पर पहुँचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी गहरी शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष (शहर) जयप्रकाश राजौरिया और ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मृतकों के निवास पर पहुँचे। सभी ने परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। साथ ही शोक संतृप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य शासन की ओर से तात्कालिक सहायता के रूप में 10 मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चैक भी सौंपे।
इन परिवारों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री
शीतला माता मंदिर के पास हुई दुर्घटना में दिवंगत सरला तोमर (गुड़ीगुड़ा का नाका), दिव्यांशु कुशवाह (महेशपुरा, सिकंदर कंपू), सतेन्द्र सिंह गुर्जर (महलगांव), प्रिंस उर्फ छोटू जाटव ( चौहान प्याऊ,ठाठीपुर), नीतेश निकेश उर्फ रितेश (दुल्लपुर), हेमंत राठौर (शिवनगर गदाईपुरा), पवन राठौर (गदाईपुरा), लव त्यागी (गदाईपुरा), अमन त्यागी (गदाईपुरा) एवं अशोक त्यागी (गदाईपुरा) के निवास पर पहुँचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिजनों को सांत्वना दी।
