टॉप न्यूज़

"मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश"; शीतला माता मंदिर के पास हुई दु:खद दुर्घटना की जांच के लिए जिला दण्डाधिकारी DM चौहान ने आदेश जारी किए, ट्रक मेला स्थल तक पहुँचा कैसे ?

"पुलिस-जिला प्रशासन" के जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा निर्दोष श्रद्धालुओं ने भुगता है, सिद्धपीठ श्री शीतला माता मंदिर, ग्राम संताऊ, ग्वालियर ने जिम्मेदारी तय करने विशाल विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है

DM ने सात दिवसदिवस के भीतर जाँच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद को जाँच अधिकारी नियुक्त किया गया है, उधर "शारदीय नवरात्र मेले" में हृदय- विदारक हादसे के न्याय की मांग और जिम्मेदारों की लापरवाही के विरोध में आज सिद्धपीठ शीतला माता मंदिर प्रांगण में विशाल धरना प्रदर्शन का ऐलान


ग्वालियर। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रुचिका चौहान ने बीते दिनों की मध्य रात्रि शीतला माता मंदिर के पास हुई दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश जारी किए हैं। मजिस्ट्रियल जाँच के लिये अपर जिला मजिस्ट्रेट सीबी प्रसाद को जाँच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला दण्डाधिकारी ने जाँच अधिकारी को घटना के विभिन्न बिंदुओं पर 7 दिवस के भीतर जाँच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 

जिला दण्डाधिकारी  रुचिका चौहान ने अपने आदेश में कहा है कि 17 व 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात ग्वालियर जिले के पुलिस थाना आंतरी क्षेत्रांतर्गत स्थित शीतला माता मंदिर के प्रवेश द्वार के पास नवरात्रि की सप्तमी तिथि को चीनौर रोड से आते हुए तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होने के कारण सड़क किनारे बनी प्रसाद की पाँच दुकानों को रौंदते हुए शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया।

जिसमें प्रारंभिक स्तर पर 14 व्यक्तियों की मौत और 27 लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने जाँच अधिकारी को निर्देशित किया है कि घटना का मूल कारण, ट्रक घटना स्थल पर कैसे पहुँचा इसका विवरण, घटना के संबंध में यदि कोई लापरवाही हुई है तो उसका विवरण एवं लापरवाही के लिये जिम्मेदारी, भविष्य में उपरोक्त प्रकार की घटनाओं को रोके जाने के आवश्यक सुझाव सहित अन्य बिंदु जिसका वर्णन करना घटना के संबंध में उचित समझें, के संबंध में अपनी जाँच रिपोर्ट कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कार्यालय में समय-सीमा में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

"पुलिस-जिला प्रशासन के जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा निर्दोष श्रद्धालुओं ने भुगता है , सिद्धपीठ श्री शीतला माता मंदिर, ग्राम संताऊ ने जिम्मेदारी तय करने विशाल विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है

शारदीय नवरात्रि मेले के दौरान बीते दिनों शनिवार-रविवार की दरमियनी मध्य रात्रि में शीतला माता मंदिर के प्रवेश द्वार के पास हुए भीषण हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मौत एवं दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की हृदय-विदारक घटना के संबंध में न्याय की मांग को लेकर सोमवार 19 अक्टूबर को सिद्धपीठ श्री शीतला माता मंदिर प्रांगण में धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

धरने के माध्यम से घटना की निष्पक्ष जाँच के लिए SIT गठित करने, प्रशासनिक लापरवाही की उच्च स्तरीय जाँच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।

साथ ही, प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी एवं ₹25 लाख की आर्थिक सहायता तथा हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को शासकीय नौकरी एवं उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की जाएगी।

समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील है कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने एवं इन मांगों के समर्थन में आयोजित धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें। धरना स्थल सिद्धपीठ श्री शीतला माता मंदिर प्रांगण, ग्राम संताऊ, ग्वालियर है।है।