टॉप न्यूज़

"शीतला मंदिर प्रवेश द्वार पर दुःखद सड़क दुर्घटना"; 14 श्रद्धालुओं की मौत, घायलों का उपचार जारी, कलेक्टर ने एसपी के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई

वही केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एवं उद्यानिकी मंत्री कुशवाह ने भी ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली, हादसे में मृत हुए लोगों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनायें व्यक्त कीं

शीतला मंदिर प्रवेश द्वार पर भीषण दुःखद दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मौत से क्षेत्र में शोक व्याप्त है, प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है, गंभीर श्रद्धालुओं की इलाज की विशेष व्यवस्था भी कराई गई है

ग्वालियर। जिले के सातऊ स्थित शीतला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शनिवार देर मध्य रात्रि लगभग 1:30 बजे हुए दुःखद सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि लगभग 42 श्रद्धालु घायल हुए हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।

  जानकारी के अनुसार, आंतरी की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा गया। इस दौरान प्रवेश द्वार के पास मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम द्वारा घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल जयारोग्य चिकित्सालय, ग्वालियर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तेजी के साथ उनका उपचार प्रारंभ किया।

कलेक्टर ने दिए बेहतर उपचार के निर्देश

कलेक्टर रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर घायल श्रद्धालुओं के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था भी कराई गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल लगभग 42 श्रद्धालुओं में से चिकित्सकों ने 14 को मृत घोषित किया है। करीब आठ गंभीर घायलों का ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। शेष घायलों का उपचार भी जारी है। इस दुःखद दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। जिला प्रशासन द्वारा घायलों के बेहतर से बेहतर उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।


केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एवं मंत्री कुशवाह भी पहुँचे ट्रॉमा सेंटर , घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली, हादसे में मृत श्रद्धालुओं  के प्रति शोक संवेदनायें व्यक्त कीं


केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात शीतला माता मंदिर के समीप ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मौत की सूचना मिलने पर दु:ख व्यक्त करते हुए सभी मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनायें व्यक्त की हैं। केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया एवं प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह रविवार को JAH के ट्रॉमा सेंटर पहुँचे और दुर्घटना में घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह ने अस्पताल पहुँचकर घायलों के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उनके परिजनों से चर्चा की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि घायलों का समुचित उपचार हो, यह सुनिश्चित किया जाए। केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया एवं मंत्री कुशवाह ने हादसे में मृत सभी श्रद्धालुओं के प्रति गहरा दु:ख व्यक्त किया है। केन्द्रीय मंत्री के साथ विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष  राजौरिया व पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी ट्रॉमा सेंटर पहुँचे थे।


संभागायुक्त खत्री ने शीतला मंदिर के पास हुई दुर्घटना में प्रभावित परिवारों की हर-संभव मदद के दिए निर्देश

शीतला माता मंदिर के समीप हुई दु:खद दुर्घटना की सूचना मिलने पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को तत्परता से प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त खत्री ने जेएएच प्रबंधन से भी चर्चा कर घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों के उपचार के लिये विशेष चिकित्सकीय टीम लगाएं। साथ ही उपचार पर 24 घंटे नजर रखें। संभागीय आयुक्त ने राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी जिला प्रशासन को दिए हैं।