ग्वालियर। दशहरे पर शहर में पुलिस की चाक चौबंद कड़ी सुरक्षा रहेगी। ग्वालियर में विजयादशमी पर मंगलवार को दशहरा जुलूस, रावण दहन और नवदुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को ध्यान में रखकर ट्रैफ़िक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किये गये है। जिसके कारण घर से निकलने के पहले परेशानी से बचने के लिए ट्रैफिक रूट चार्ट को देखकर ही घर से बहार निकले।
ग्वालियर नगर में दशहरा जुलूस अचलेश्वर मंदिर से शुरू होकर दाल बाजार, लोहिया बाजार, ऊंट पुल, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, राम मंदिर, छप्परवाला पुल, शिंदे की छावनी और गुरुद्वारा होते हुए फूलबाग मैदान पहुंचेगा। जुलूस के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर ट्रैफ़िक पूर्ण रूप से कंट्रोल रहेगा।
अचलेश्वर मंदिर से फूलबाग मैदान तक निकलने वाले जुलूस के दौरान कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही डायवर्ट रहेगी। वहीं, प्रतिमा विसर्जन के लिए भी कुछ मार्गों पर प्रतिबंध लगाया है। परेशानी से बचने के लिए वाहन चालकों को ट्रैफ़िक जाम से राहत पाने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
शहर के इन मार्गों पर पूरी तरह से ट्रैफ़िक प्रतिबंधित रहेगा
जलालपुर से सागरताल होकर बहोड़ापुर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफ़िक प्रतिबंधित रहेगा । इसके लिए वैकल्पिक मार्ग रितुराज होटल और मोतीझील वाले रास्ते का उपयोग करना बेहतर होगा। चार शहर का नाका से सागरताल रोड और ट्रांसपोर्ट नगर से सागरताल की ओर भी वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी।
सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं: कलेक्टर ने रात में प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था का जायजा लिया
नवदुर्गा महोत्सव में स्थापित हुईं प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम के माध्यम से सागरताल पर कराई गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बीती रात को सागरताल पहुँचकर विसर्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस मौके पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखकर प्रतिमा विसर्जन कराएं। सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी धैर्यपूर्वक एवं श्रद्धाभाव के साथ प्रतिमाओं को विसर्जन कराने का आग्रह किया।
