अपना शहर

“स्वच्छ ग्वालियर-सुंदर ग्वालियर”; 'स्टेशन बजरिया में चला विशेष स्वच्छता-अभियान': गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई, व्यापारियों से स्वच्छता व्यवस्था में उनकी सहभागिता के लिए जागरूक भी किया

सफाई व्यवस्था के निरीक्षण में पहले तो आवश्यक स्थानों पर कराई गई साफ़-सफाई , फ़िर दुकानदारों एवं अन्य लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा “स्वच्छ ग्वालियर, सुंदर ग्वालियर” के संकल्प को साकार करने के लिए शहरभर में निरंतर स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में निगम अमले द्वारा सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान के साथ गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ़ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

स्वास्थ्य अधिकारी ग्वालियर पूर्व विधान सभा क्षेत्र के अनुसार बीते रोज गुरुवार को स्टेशन बजरिया क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक स्थानों पर साफ़- सफाई कराई गई तथा दुकानदारों एवं अन्य संबंधित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने तथा स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ़ नगर निगम अमले द्वारा चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न दुकानदारों से कुल 6,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है।

स्वास्थ्य अधिकारी पमनानी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सफाई कराना ही नहीं, बल्कि नागरिकों एवं व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के आसपास कचरा न फैलाएं तथा अपनी के डस्टबिन रखकर कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें।