अपना शहर

"ब्लैक स्पॉट्स पर निगम की सख्ती"; शहर के 14 कचरा प्वाइंट किए गए समाप्त, अब कचरा फेंकने वालों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई की जाएगी, विशेष सफाई अभियान चलाकर विभिन्न क्षेत्रों में कचरा स्थलों को समाप्त किया जा रहा है

वही स्वर्णरेखा में कचरा फेंकने और दुकानों के बाहर गंदगी करने पर निगम की कार्रवाई, 4 हजार रुपये का जुर्माना किया, दुकानदारों एवं नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील

शहर में नियमित सफाई व्यवस्था के बाद भी कुछ स्थानों पर बार-बार कचरा डालने से ब्लैक स्पॉट बन जाते हैं, ऐसे स्थानों को चिन्हित कर विशेष सफाई कराई जा रही है तथा आगे से यहां दोबारा कचरा न जमा हो, इसके लिए निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है

ग्वालियर। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लंबे समय से कचरा जमा होने वाले ब्लैकब्लैक स्पॉट्स को समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशानुसार तथा मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव के निर्देशन में विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा स्थलों को समाप्त किया जा रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि नियमित सफाई व्यवस्था के बावजूद कुछ स्थानों पर बार-बार कचरा डाले जाने के कारण ब्लैक स्पॉट बन जाते हैं। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर विशेष सफाई कराई जा रही है तथा भविष्य में यहां दोबारा कचरा न जमा हो, इसके लिए निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत ग्वालियर विधानसभा में देवबाग, बहोड़ापुर श्रीराम मिष्ठान भंडार के पास, बेरिया वाला प्लॉट, भूतेश्वर मंदिर के पास एवं कृष्णा कॉलोनी जलालपुर में कचरा प्वाइंट समाप्त किए गए।
इसी प्रकार ग्वालियर पूर्व विधानसभा में बलवंत नगर जेडओ चौक, बलवंत नगर बड़े वाले पेड़ के पास, विवेक विहार कॉलोनी कुएं के पास, माता वाली गली ओल्ड हाईकोर्ट के पीछे तथा नीडम पुल के नीचे सफाई कर कचरा स्थल समाप्त किए गए।
वहीं ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में कसेराओली मृगनयनी के पीछे, गिरवाई रोड हरकोटा सीर एवं गुड़ा कलारी के पास स्थित कचरा स्थलों को समाप्त किया गया।
नगर निगम द्वारा संबंधित जोनल हेल्थ ऑफिसर एवं वार्ड हेल्थ ऑफिसर को निर्देशित किया है कि इन स्थानों पर नियमित निगरानी रखते हुए दोबारा कचरा जमा न होने दें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें।

स्वर्णरेखा में कचरा फेंकने और दुकानों के बाहर गंदगी करने पर निगम की कार्रवाई, 4 हजार रुपये का जुर्माना किया,बाजारों एवं नदी-नालों में कचरा फेंकने वालों पर रखी जा रही है निगरानी

नगर निगम आयुक्त एवं अपर आयुक्त के निर्देशन में शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 4 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
मुख्य स्वच्छता अधिकारी ने बताया कि तारागंज क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी में कचरा फेंकने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अलावा नजर-बाग मार्केट एवं गोले के मंदिर क्षेत्र में दुकानों के बाहर कचरा एवं गंदगी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों, बाजारों एवं नदी-नालों में कचरा फेंकने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने दुकानदारों एवं नागरिकों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।