पीएम मोदी के 25 वर्ष के सेवा, सुशासन व समर्पण को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, अलग-अलग 12 कार्यक्रमों के जरिए 71 हजार से अधिक बूथों पर हर लाभार्थियों तक पहुंचेगी भाजपा, - 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रदेश के सभी लाभार्थियों के घरों में प्रज्वलित होंगे दीप: हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान‘ को लेकर शुक्रवार भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री यादव ने कहा पीएम मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित हैं। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की इस सेवा यात्रा से जन-जन को परिचित कराने और सेवा के संस्कार को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, सुशासन और जनभागीदारी का व्यापक अभियान है। पीएम के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पीएम मोदी जी के सेवा व समपर्ण के 25 वर्ष जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान‘ चलाया जाएगा। भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान‘ के तहत एक माह के मध्य 12 अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थियों तक पहुंचेगी। 17 सितंबर को पीएम का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों के हर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया जाएगा। 07 अक्टूबर 2026 को पीएम के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। 25 वर्षों तक लगातार जनता का आशीर्वाद पाना लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। प्रधानमंत्री के लिए सेवा केवल संकल्प नहीं, जीवन का ध्येय है और यही भाव इस अभियान की आत्मा बनेगा। जनसेवा और समर्पण के इस ऐतिहासिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ही यह सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
25वर्षों की सेवा यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा: डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सेवा के 25 वर्ष सत्ता के नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण के 25 वर्ष हैं। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उन्होंने प्रत्येक भूमिका में स्वयं को शासक नहीं, बल्कि जनसेवक माना है। पीएम ने सार्वजनिक जीवन को पद नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का माध्यम बनाया। इसी सेवा भाव को आगे बढ़ाना सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य है। पीएम मोदी जी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उनका जीवन बताता है कि बड़ा नेतृत्व अचानक नहीं बनता। उसके पीछे बचपन के संस्कार, संघर्ष का अनुभव, समाज से निकटता, संगठन की तपस्या और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण होता है। गुजरात के वडनगर के एक साधारण परिवार में जन्मे प्रधानमंत्री ने बचपन से अभाव, परिश्रम और सामान्य जनजीवन को करीब से देखा है। यही कारण है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदना उनके व्यक्तित्व का स्वाभाविक हिस्सा बनी। पीएम को माताजी से मिले सादगी, श्रम, अनुशासन और ईमानदारी के संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को मजबूत किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क ने उनके भीतर सेवा, अनुशासन, राष्ट्रप्रथम और समाज के बीच रहकर काम करने की भावना को संगठित दिशा दी। प्रचारक जीवन में उन्होंने गांव-गांव, प्रदेश-प्रदेश प्रवास किया। उन्होंने समाज के अलग-अलग वर्गों की पीड़ा, अपेक्षा और शक्ति के साथ समाज की विविधता, समस्याओं और उसकी शक्ति को समझने का अवसर दिया। यही अनुभव आगे चलकर उनके नेतृत्व की बड़ी ताकत बना है।
71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थी परिवारों के घर प्रज्वलित होगा आशीर्वाद का दीया
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान‘ का शुभारंभ करने के साथ इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71 हजार से अधिक बूथों के हर लाभार्थी परिवारों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘विकसित भारत‘ विषय पर चित्रकारी व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम के तहत 15-20 मिनट के संगीतमय नाटकों व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पीएम के जीवन और योजनाओं को गांव-गांव, स्कूल, कॉलेज व चौपालों तक पहुंचाया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होंगे, जहां कार्यकर्ताओं व आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
प्रदेश के सभी 11404 शक्ति केंद्रो पर सेवा की कहानियों करेंगे साझा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के सभी 11404 शक्ति केंद्रों में सेवा की कहानी कार्यक्रम के जरिए पीएम की योजनाओं के लाभार्थियों की न्यूनतम 10-10 वास्तविक कहानियों (रील्स) को सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा। 7 अक्टूबर को पीएम के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर जिले और गांव में पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियां निकाली जाएंगी, जो एक मुख्य स्थल पर मिलकर ‘विकसित भारत-2047‘ का सामूहिक संकल्प लेंगी। गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर 250 बाइकों पर 500 यात्री जल लेकर वाराणसी (काशी विश्वनाथ) के लिए 10 अलग-अलग समूह में प्रस्थान करेंगे। इसी तरह वाराणसी से इतने ही यात्री 10 अलग-अलग समूह में वडनगर के लिए निकलेंगे। इन 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्य प्रदेश से होकर गुजरेंगी। वहीं सेवा मेरा योगदान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता व आमजन 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट का श्रमदान करेंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर‘ लगाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा के रंग राष्ट्र के संग कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्राकृतिक रंगों, फूल, बीज, मिट्टी, चावल का उपयोग कर ‘ह्यूमन रंगोली‘ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन, सेवा, संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सेवा सुशासन संवाद 17 अक्टूबर को देशभर का एक कार्यक्रम होगा, जिसमें ग्राम पंचायत के पंच, सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री तक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेश टोली का गठन किया गया है। साथ ही अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए समन्वय टोलियां बनाई गयी है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री व सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी ने पत्रकार-वार्ता का संचालन किया। इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विशाल बत्रा मंचासीन रहे।रहे।
