ग्वालियर/शिवपुरी। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीते रोज शिवपुरी प्रवास के दौरान क्षेत्र को ₹17.50 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने अनुसूचित जाति के 50-सीटर प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास, तानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिंहनिवास विद्युत उपकेन्द्र और ठर्रा उप-तहसील का लोकार्पण किया। साथ ही नगर पालिका की विभिन्न सड़कों तथा सिंहनिवास में सरकारी मिडिल स्कूल भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
*शिवपुरी के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने ₹4.99 करोड़ की लागत से निर्मित अनुसूचित जाति के 50-सीटर प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ आंबेडकर मानते थे कि शिक्षा सामाजिक सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। इसी भावना के साथ यह छात्रावास बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुविधाओं और व्यक्तित्व विकास का वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने सपनों को नई उड़ान दे सकेंगे।
*स्वास्थ्य और बिजली सुविधाओं को मिली नई मजबूती*
इसके बाद केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने तानपुर में ₹2.95 करोड़ की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और सिंहनिवास में ₹2.77 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण भी किया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अधिक सुदृढ़ और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
*सड़कों, स्कूल और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार*
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने नगर पालिका की विभिन्न सड़कों के ₹5 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही सिंहनिवास में ₹51 लाख की लागत से बनने वाले सरकारी मिडिल स्कूल भवन तथा ठर्रा में ₹1.24 करोड़ की लागत से निर्मित उप-तहसील का लोकार्पण किया। उप-तहसील के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और प्रशासनिक सुविधाओं तक विकास का लाभ हर परिवार तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शिवपुरी सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है।
शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन ने क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान, छात्रावास और पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन जैसी स्वीकृतियाँ केन्द्रीय मंत्री के अथक प्रयासों से ही संभव हुई हैं। उन्होंने बताया कि शिवपुरी के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सब-स्टेशन, सिंचाई योजनाओं और अस्पतालों के काम हुए हैं। इसके साथ ही देश का छठा पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर शिवपुरी के ककरवाया में 20 बीघा जमीन पर बनने जा रहा है, जिससे क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
आयोजन के दौरान जिलाध्यक्ष जसमंत ने कहा कि आज का दिन समूचे क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का क्षण है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने पिछले 25 वर्षों में निस्वार्थ जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सामाजिक उत्थान के लिए उनका समर्पण अद्वितीय रहा है, जिसके तहत वर्ग के प्रतिनिधियों को विधानसभा एवं मंत्रिमंडल में मान-सम्मान मिला। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए चलाए जा रहे कार्यों तथा डॉ आंबेडकर की स्मृति में बन रहे 40 करोड़ रुपये के भव्य म्यूजियम का भी उल्लेख किया।
नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के वार्डों में सड़कों के निर्माण से आवागमन आसान होगा तथा 4 नए पार्कों से शहर का सौंदर्यीकरण होगा। पूर्व में स्वीकृत 40 करोड़ के कार्यों के साथ आज पुनः 5.80 करोड़ के कार्यों की मंजूरी दी गई है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, वेपन फैक्ट्री, ओवरब्रिज निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में केन्द्रीय मंत्री द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव, जनपद पंचायत शिवपुरी की अध्यक्ष हेमलता रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि ,विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली छात्र छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कोलारस रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ
उधर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कोलारस रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण सुविधा से कोलारस एवं आसपास के क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुगमता मिलेगी तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
इस अवसर पर कोलारस विधायक महेंद्र यादव, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।रहे।
