ग्वालियर। शमशान रोड, मुरार क्षेत्र में निजी ठेकेदार के निजी वाहन द्वारा खुले में सीवर सिल्ट का मलवा खाली किए जाने की शिकायत प्राप्त होने पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित वाहन को जब्त करने तथा वाहन स्वामी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बताया जाता है कि वाहन पर नगर निगम ग्वालियर लिखा हुआ था, लेकिन वाहन नगर निगम का नहीं है,वह ठेकेदार का निजी वाहन है ।
निगमायुक्त चौधरी के निर्देशों के पालन में उपायुक्त स्वास्थ्य मुकेश बंसल द्वारा स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी को तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को जब्त करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में निगम के अधिकारियों द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए सीवर सिल्ट का मलवा खुले में खाली करने वाले वाहन को जब्त कर लिया गया है।
जब्त किए वाहन को नगर निगम ग्वालियर की पूर्व विधानसभा डिपो में सुरक्षित रूप से खड़ा कराते हुए अंकित सक्सेना को सुपुर्द किया गया है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में सीवर सिल्ट, कचरा अथवा अन्य अपशिष्ट को खुले स्थानों पर अनाधिकृत रूप से खाली करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता एवं पर्यावरण को प्रभावित करने वाली ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीवेज पंप हाउस पर शराब पिलाने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई ; वीडियो शिकायत को संज्ञान लेकर निगमायुक्त के कड़े निर्देश, तैनात कर्मचारी को हटाया, ठेकेदार को भी सख्त निर्देश
बिरलानगर स्थित सीवेज पंप हाउस पर कार्यरत ठेकेदार के कर्मचारी अतुल द्वारा शराब पिलाए जाने संबंधी वीडियो के माध्यम से शिकायत प्राप्त होने पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निगमायुक्त के निर्देशों के पालन में अधीक्षण यंत्री पीएचई एसएल बाथम द्वारा संबंधित ठेकेदार बबलू धारीवाल, धारीवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी को तत्काल पत्र जारी कर निर्देशित किया कि शिकायत में सामने आए कर्मचारी को तत्काल कार्य से हटाया जाए तथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निगम के निर्देशों के बाद ठेकेदार ने संबंधित कर्मचारी को कार्य से हटा दिया है तथा उसके स्थान पर दूसरे कर्मचारी की नियुक्ति कर दी गई है।
निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नगर निगम की विभिन्न परियोजनाओं एवं परिसरों में कार्यरत ठेकेदारों एवं उनके कर्मचारियों द्वारा अनुशासनहीनता अथवा नियमों का उल्लंघन किए जाने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
