ग्वालियर। "ऑपरेशन ईगल’’मे ग्वालियर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऑपरेशन के तहत अवैध हथियारों पर ग्वालियर पुलिस का कडा प्रहार हुआ है, जिसमें 12 बदमाश को गिरफ्तार कर एक दर्जन अवैध हथियार व राउंड जब्त किए गए हैं। साथ ही पुलिस की गिरफ्त में आये बदमाशों से 315 बोर के 11 देशी कट्टा व 13 जिन्दा राउण्ड एवं 01 खाली खोखा तथा एक 32 बोर पिस्टल सहित 5 जिंदा राउंड बरामद भी किये गये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के अनुसार ग्वालियर जिले में अवैध हथियार रखने एवं उनका सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करने वाले बदमाशों के खिलाफ़ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान ‘‘ऑपरेशन ईगल’’ चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया अभियान के तहत पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं आदतन बदमाशों पर निगरानी रख सघन चेकिंग की जा रही है।
इसी निर्देशों के अनुक्रम में एएसपी ग्वालियर सुजावल जग्गा, एएसपी शिवेश सिंह एवं एएसपी ग्रामीण ने अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों को अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों की धरपकड़ कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ऑपरेशन ईगल अभियान के तहत बीते दिनों ग्वालियर पुलिस की विभिन्न थाना पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संदिग्धों एवं बदमाशों की सघन चेकिंग एवं निगरानी की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आधा दर्जन अवैध हथियारों सहित बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार बरामद कर उनके विरुद्ध संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा, एसडीओपी बेहट, सीएसपी विवि, सीएसपी मुरार, एसडीओपी डबरा, एसडीओपी घाटीगांव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों ने पुलिस की टीमों को अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने में लगाया। ग्वालियर जिले के विभिन्न थानों में अवैध हथियारों के विरूद्ध की गई कार्यवाही में महाराजपुरा थाना पुलिस ने भदरौली पुराने रेलवे स्टेशन के पास से सुसैरा कोठी रोड से एक स्कूटी सवार बदमाश अजय सिंह पुत्र गंर्धव सिंह लोधी 29 साल निवासी ग्राम कृपे का पुरा गौरमी जिला भिण्ड हाल ग्राम मऊ महाराजपुरा जिला ग्वालियर को एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड एवं एक्टिवा क्रमांक एमपी07-एसई-2034 सहित गिरफ्तार कर आरोपी के विरुद्ध धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इसी प्रकार महाराजपुरा पुलिस ने बीते रोज 30 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जीसी कॉलेज के पास रसलपुर, महाराजपुरा से एक बदमाश करण पुत्र ओमप्रकाश जाटव 21 साल निवासी जीसी कॉलेज के पास रसलपुरा, महाराजपुरा ग्वालियर को एक 315 बोर का कट्टा व तीन जिंदा राउण्ड सहित गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है ।
इसी तरह मुरार पुलिस ने भी बीते रोज सूचना पर पुलिस ने नदी पार संतर पर पुलिया के पास से एक बदमाश अंकित उर्फ अंकी पुत्र मुन्नालाल परिहार 19 साल निवासी सरैयापुरा मुरार को एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड सहित गिरफ्तार कर आरोपी के खिलाफ थाना मुरार में आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किया है।
उधर पनिहार थाना पुलिस ने भी बीते रोज ही पवा-पावटा रोड़ पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार बदमाश मोनू पुत्र करन सिंह गुर्जर 23 साल निवासी ग्राम झाला, पनिहार ग्वालियर को एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड तथा एक बिना नंबर की प्लेटिना बाइक व एक पोको कंपनी के माबाइल सहित गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
वही उटीला थाना क्षेत्र में भी मुखबिर की सूचना पर उटीला पुलिस ने फरार आरोपी देव उर्फ हरेन्द्र पुत्र बालकिशन ओझा 21 साल निवासी ग्राम उटीला जिला ग्वालियर को पार्वती पहाड़ से एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड सहित गिरफ्तार किया है।
इसी तरह से डबरा थाना देहात ने भी मुखबिर की सूचना पर ही देहात थाना क्षेत्र के कंचनपुरा रोड़ मंगरौरा तिराहा से बदमाश गुलशन पवार पुत्र जसवीर सिंह उम्र 23 साल निवासी ग्राम सालवाई थाना डबरा देहात को एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड सहित गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही पुरानी छावनी थाना प्रभारी को मुखबिर सूचना पर पुलिस ने ग्राम बीलपुरा की पुलिया से एक बदमाश अमन होलकर पुत्र पूरन सिंह जाटव 19 साल निवासी ग्राम जिनावली, पुरानी छावनी जिला ग्वालियर को एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड सहित गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
इसी तरह से थाना गोला का मंदिर , झांसी रोड थाना एंव थाना सिरोल व क्राईम ब्रांच ने भी मुखबिर सूचना पर थाना हजीरा एवं क्राईम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सिरोल क्षेत्र से बदमाशों से कट्टा व राउण्ड जब्त कर आर्म्स एक्ट के प्रकरण पंजीबद्ध किये हैं।
*जब्त हथियार*: 315 बोर के 11 देशी कट्टा व 13 जिन्दा राउण्ड एवं 01 खाली खोखा तथा एक 32 बोर की पिस्टल सहित 5 जिंदा राउण्ड बदमाशों से बरामद किये गए हैं।
*सराहनीय भूमिकाः* इस पूरे ऑपरेशन ईगल की कार्यवाही में थाना क्राईम ब्रांच, थाना महाराजपुरा, मुरार पुलिस, पनिहार थाना पुलिस , थाना पुरानी छावनी, थाना हजीरा, थाना गोला का मंदिर, थाना डबरा देहात, थाना झांसीरोड, थाना उटीला, थाना सिरोल पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है।
