क्राइम

तिघरा जलाशय में डूबे युवक का शव मिला: एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार सर्चिंग के बाद शनिवार सुबह शव बरामद कर लिया, बीते रोज की दोपहर युवक नहाते समय डूब गया था

पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है , पीड़ित परिजनों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है

ग्वालियर। तिघरा जलाशय में नहाते समय डूबे युवक का शव एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार सर्चिंग के बाद शनिवार सुबह बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया  है। मृतक के वारिस को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी 6-4) के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। 

 जानकारी के अनुसार 7 अगस्त को दोपहर लगभग 3 बजे मंगू खान के पुत्र शारद तिघरा जलाशय में नहाते समय पानी में डूब गया था । इस दु:खद घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। टीम ने रात लगभग 8 बजे तक सर्चिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार 8 अगस्त को सुबह लगभग 6:30 बजे से फिर सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। लगातार प्रयासों के बाद लगभग 10:30 बजे युवक का शव बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा मृतक के वारिस को नियमानुसार आर्थिक राहत दिलाने की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।

इधर मेहराब साहब की तलैया में डूबे युवक का शव मिला

गोल पहाड़िया के पास स्थित मेहराब साहब की तलैया में डूबे 24 वर्षीय युवक पंकज सूर्यवंशी का शव शनिवार को बचाव दल ने बरामद कर लिया है। बीते 6 अगस्त को मेहराब साहब की तलैया में नहाते समय पंकज के डूबने की घटना हुई थी। हादसे की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ टीम के गोताखोरों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शनिवार को सुबह 10 बजे बचाव दल को पंकज का शव मिल गया। पोस्टमार्टम के बाद पंकज का शव उनके पिता रामअवतार को सौंप दिया गया। मृतक के वारिस को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी 6-4) के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।है।