अपना शहर

"नोटिस के बाद भी नहीं हटाये थे अतिक्रमण"; नगर निगम ने अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की, ट्रैफ़िक सुचारु बनाए रखने लगातार कार्रवाई जारी है

वार्ड-12 की लाइन नं.-10 में क्षेत्राधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए थे, नोटिस अवधि पूर्ण होने के बाद मदाखलत ने नियमानुसार कार्रवाई में सभी अवैध अतिक्रमणों को हटाया है

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्र क्रमांक-5 के अंतर्गत क्षेत्राधिकारी राम सेवक शाक्य द्वारा पूर्व में अवैध अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे।

मंगलवार को मदाखलत अमले द्वारा वार्ड क्रमांक-12 स्थित लाइन नं. 10 क्षेत्र में नोटिस प्राप्त अतिक्रमणकर्ताओं के अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान बिट्टू सिकरवार, रवि चौहान (रविन्द्र चौहान), अनूप तोमर (जनक सिंह तोमर), इंदल सिंह यादव (बालकिशन यादव) एवं लालू तोमर (राजेंद्र सिंह तोमर) द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया।

उल्लेखनीय है कि इन सभी अतिक्रमणकर्ताओं को पूर्व में कुल पाँच नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस अवधि पूर्ण होने के बाद नगर निगम के मदाखलत अमले ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी अवैध अतिक्रमणों को हटाया।

नगर निगम ग्वालियर ने नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें तथा नगर निगम के निर्देशों का पालन करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

 पिंटो पार्क सब्जी मंडी क्षेत्र में ट्रैफ़िक में बाधक हाथठेले वालों को हटाया, पूर्व विधानसभा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया

 नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में 28 जुलाई को नोडल अधिकारी एवं मदाखलत अधिकारीके निर्देशानुसार पूर्व विधानसभा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान पिंटू पार्क सब्जी मंडी क्षेत्र में सड़क पर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हाथठेले वालों को हटाया गया। इस दौरान सड़क पर रखे क्रेट, तराजू एवं टटिया को जब्त कर नगर निगम के डीबी सिटी स्थित मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया। इसके बाद मेट्रो टॉवर के सामने यातायात में अवरोध उत्पन्न कर रहे हाथठेले एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया गया।

यह दोनों बड़ी कार्रवाई मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह के नेतृत्व में मदाखलत दल की मोजुदगी में हुई। नगर निगम ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों एवं मार्गों पर अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।