अपना शहर

अपर कलेक्टर 'कुमार सत्यम' को बालाघाट कलेक्टर बनने पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में समारोह-पूर्वक दी विदाई; कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्मृति चिन्ह भेंट कर दी शुभकामनायें

गुरुवार को अपर कलेक्टर 'सत्यम' के विदाई समारोह में ग्वालियर में पिछले दो वर्षों में उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना हुई और सभी ने उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें दीं

ग्वालियर के अपर कलेक्टर कुमार सत्यम को शासन द्वारा बालाघाट जिले के कलेक्टर के रूप में पदस्थापना होने पर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उन्हें समारोह आयोजित कर शुभकामनाओं के साथ ही विदाई दी गई। कलेक्टर रुचिका चौहान ने उन्हें नई पदस्थापना की शुभकामना देते हुए  बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम के विदाई समरोह के लिये आयोजित कार्यक्रम में उनके द्वारा ग्वालियर में पिछले दो वर्षों में किए गए कार्यों की सराहना की गई और उनके उज्जवल भविष्य के लिये शुभकामनायें दीं गईं। कलेक्टर रुचिका चौहान के साथ ही नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव, एडीएम सीबी प्रसाद एवं अनिल बनवारिया सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार सहित जिले के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि कुमार सत्यम ने ग्वालियर कार्यकाल के दौरान जमीन आवंटन एवं किसानों के खाद वितरण के कार्य में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने निरंतर पूरी निष्ठा के साथ शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में पूरी लगन और रुचि के साथ बेहतर कार्य करने का उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। उनकी बेहतर कार्यशैली को देखते हुए शासन द्वारा उन्हें महत्वपूर्ण बालाघाट जिले में कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया है। सत्यम अपनी मेहनत और लगन के साथ बालाघाट जिले में भी शासन की मंशा अनुसार बेहतर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर अपने विदाई समारोह में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम ने कहा कि ग्वालियर जैसे बड़े जिले में दो वर्ष तक कार्य करने का अवसर मिला। यहां पर रहकर कई बड़े आयोजनों को देखने और उनको आयोजित करने का अवसर भी मिला । कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में ग्वालियर जिले में सीखने का बेहतर अवसर मिला है। ग्वालियर में सीखे गए कार्यों के माध्यम से ही बालाघाट जिले में भी शासन की मंशा अनुरूप अच्छा कार्य करूँगा। ग्वालियर के कार्यकाल के दौरान शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों का जो मार्गदर्शन मिला उसे मैं हमेशा याद रखूंगा।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने भी कुमार सत्यम को नई जिम्मेदारी की शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि कुमार सत्यम के माध्यम से मुझे भी नगर निगम में अनेक अवसरों पर कार्य करने में सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। सत्यम निष्ठा और लगन के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उनसे सीखने के लिये हम सबको बहुत कुछ मिला है। जिपं सीईओ सोजान सिंह रावत ने कहा कि मैंने कुमार सत्यम से ही सीईओ जिला पंचायत का चार्ज ग्वालियर में लिया था। उनकी कार्यशैली बहुत ही प्रभावी है। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी उनकी रुचि, लगन से कई योजनाओं और कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन शासन द्वारा उन्हें बालाघाट जैसे जिले का कलेक्टर बनाया है। बालाघाट में भी वे शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन करेंगे।

कार्यक्रम में अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर जिला प्रशासन के कई अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कुमार सत्यम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।की।