ग्वालियर। दतिया विधानसभा उप-निर्वाचन 2026 की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। दतिया विधानसभा के 291 मतदान केन्द्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता, जिसमें 1 लाख 16 हजार 116 पुरूष, 1 लाख 4 हजार 284 महिला एवं अन्य 10 मतदाता 30 जुलाई 2026 मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करेेंगे। दतिया में 291 मतदान केन्द्रों में 185 ग्रामीण मतदान केन्द्र एवं 106 शहरी मतदान केन्द्र शामिल है। जिसमें 233 क्रिटिकल एवं 28 बल्नरेबल मतदान केन्द्र शामिल है। सम्पूर्ण निर्वाचन क्षेत्र को 36 सेक्टरों में बांटकर 36 सेक्टर ऑफीसर नियुक्त किए है। यह जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने न्यू कलेक्ट्रेट में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। इस दौरान एसपी मयूर खंडेलवाल सहित पत्रकार व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी वानखड़े ने बताया कि निर्वाचन के दौरान दतिया में एक पिंक मतदान केन्द्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कक्ष क्र.-2 में एवं एक आदर्श मतदान केन्द्र नवीन खनिज कार्यालय दतिया में बनाया गया है। इसी प्रकार दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप एवं व्हीलचेयर व्यवस्था युक्त मतदान केन्द्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के कक्ष क्र.- 3 में बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान 1280 मतदान कर्मी एवं 215 माईक्रो आब्जर्बर निष्पक्ष मतदान कराने में तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन सम्पन्न कराने के दतिया के बार्डर पर 12 अंर्तराज्यीय नाके स्थापित है, जिन पर 24 घंटे पुलिस एवं प्रशासन तैनात है। प्रत्येक आने- जाने वाले वाहनों की चैकिंग की जा रही है। मतदान के दौरान या मतदान से पूर्व किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत हेतु कंट्रोल रूम स्थापित है, जिसमें 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। कंट्रोल रूम का नम्बर 8305199022 है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दतिया जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान कराने के उद्देश्य से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। निर्वाचन के दौरान सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ पुलिस बल, एसएएफ जवान, डीईएफ जवान, होमगार्ड जवान, एसपीओ के जवान निर्वाचन के दौरान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे।
बारिश को लेकर विशेष सतर्कता
मतदान के दिन मानसून को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। मतदान दलों के वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग, वैकल्पिक मार्ग, टेंट की व्यवस्था तथा चिकित्सा दलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। यदि किसी पुल पर पानी बहने की स्थिति बनेगी तो वहां से किसी भी मतदान दल का वाहन नहीं निकाला जाएगा तथा पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, व्हीलचेयर एवं प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
