ग्वालियर। वर्तमान खरीफ मौसम में अनियमित एवं कम वर्षा की संभावना को देखते हुए जिले के किसान भाईयों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी अधिसूचित खरीफ फसलों का बीमा कराने की अपील की गई है। फसल बीमा कराने के लिए अब केवल 2 दिन शेष बचे हैं। किसान भाई 31 जुलाई तक फसलों का बीमा करा सकते हैं।
उप-संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, सूखा, अतिवृष्टि, जलभराव तथा प्रतिकूल मौसम के कारण फसलों को होने वाले नुकसान से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए फसल बीमा किसानों के लिए एक प्रभावी सुरक्षा कवच है।
फसल बीमा कराने के लिये किसानों को मात्र 2 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना है
उप संचालक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों के लिए किसानों को केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करना होता है, जबकि शेष प्रीमियम का वहन केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किया जाता है। उप संचालक कृषि ने किसानों से आग्रह किया है कि वे अपने निकटतम बैंक शाखा, ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी), फसल बीमा पोर्टल, फसल बीमा मोबाइल एप अथवा अधिकृत बीमा कंपनी के प्रतिनिधि के माध्यम से समय-सीमा के भीतर अपनी अधिसूचित फसल का बीमा अवश्य कराएं। ग्वालियर जिले में “एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया” द्वारा फसल बीमा किया जा रहा है।
विस्तृत जानकारी के लिये किसान भाई यहां करें संपर्क
योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी, निकटतम कृषि कार्यालय अथवा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।हैं।
