टॉप न्यूज़

"दतिया विस उप-निर्वाचन 2026"; आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा मतदान, सभी तैयारियां पूर्ण, निर्वाचन के लिए बुधवार को सभी 291 मतदान केन्द्रों पर मतदान दल सामग्री लेकर तैनात

प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की

भोपाल / ग्वालियर। दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के तहत 30 जुलाई  गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में बुधवार को सुबह 5 बजे से पॉलीटेक्निक कॉलेज से 291 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी मतदान दल रवाना होेकर अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं। 

मतदान सामग्री वितरण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

  जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की

 दतिया  उप निर्वाचन में गुरुवार को होने वाले मतदान के मद्देनज़र कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े तथा पुलिस अधीक्षक  मयूर खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मतदान को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, जिससे मतदाता पूरी निर्भीकता एवं निडरता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं।

उत्तर प्रदेश में कार्यरत मध्य प्रदेश के मतदाताओं को मिलेगा सवैतनिक अवकाश

 दतिया विधानसभा उप निर्वाचन के तहत 30 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए उत्तर प्रदेश में आजीविका के संबंध में कार्यरत मध्य प्रदेश के मतदाताओं को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। यह अवकाश लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135-ख के प्रावधानों के अंतर्गत स्वीकृत किया है। आदेश मध्य प्रदेश के उन सभी मतदाताओं पर लागू होगा, जो उत्तर प्रदेश में दैनिक श्रमिक सहित अन्य रोजगार के माध्यम से कार्यरत हैं और दतिया विधानसभा उप निर्वाचन में मतदान करने के पात्र हैं। साथ ही सभी नियंत्रक प्राधिकारियों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित मतदाताओं को सवैतनिक अवकाश प्रदान करने संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं सुगमता से उपयोग कर सकें। उत्तर प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश प्रसारित किए हैं। झाँसी तथा ललितपुर के जिला अधिकारी को पालन हेतु विशेष निर्देश दिए गए हैं।