ग्वालियर/भिंड। मृतक संतोष बघेल के परिवार पर लाठी-चार्ज करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर आज गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक, भिंड कार्यालय का घेराव किया गया।
लाठी चार्ज के विरोध में हुए प्रदर्शन में पीड़ित परिवार के साथ बड़ी संख्या में बघेल समाज के लोग शामिल थे। इस दौरान ओबीसी दलित नेताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया और जमकर भाषणबाजी की गई।
प्रदर्शन कर रहे वक्ताओं ने कहा, सवाल यह है कि आखिर दोषी कौन है? न्याय मांगता हुआ पीड़ित परिवार या उन पर लाठियां बरसाने वाले पुलिसकर्मी? अगर जनता न्याय मांगेगी और बदले में लाठी मिलेगी, तो यह लोकतंत्र नहीं बल्कि सत्ता का दुरुपयोग है। प्रशासन को यह समझ लेना चाहिए कि अन्याय के खिलाफ उठी आवाज़ को डराकर या दबाकर खत्म नहीं किया जा सकता।
दोषी पुलिसकर्मियों के तत्काल निलंबित करने की मांग
दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, पीड़ित परिवार को न्याय दिया जाए और दोषियों को किसी भी कीमत पर बचाया न जाए।अन्याय करने वाले याद रखें—जनता न्याय लेकर रहेगी, चाहे संघर्ष कितना भी लंबा क्यों न हो।
