टॉप न्यूज़

"राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक“; जिले में राजस्व अभिलेख होंगे त्रुटिरहित:276 ग्रामों में विशेष अभियान चलाकर त्रुटियां चिन्हित, कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए समय-सीमा में सुधार के निर्देश

नई आबादी भूमि घोषित करने की कर्रवाई तेज करने पर जोर, उधर जिले की नगर पालिका एवं नगर परिषदों की व्यवस्थाओं को भी बेहतर करने पर जोर, निरीक्षण में डबरा नपा सीएमओ व स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस

ग्वालियर। कलेक्टर  रुचिका चौहान ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व अभिलेखों में पाई गई सभी त्रुटियों का नियमानुसार, पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण, राजस्व वसूली में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा आबादी भूमि से वंचित ग्रामों का सर्वे कर नियमानुसार नई आबादी भूमि घोषित करने की कार्रवाई भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। बुधवार को कलेक्ट्रेट में हुई राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।

बैठक में बताया कि जिले के 276 ग्रामों में चलाए गए विशेष सर्वेक्षण अभियान के दौरान लगभग 4 हजार खसरों में गलत प्रविष्टियां, नाम संबंधी त्रुटियां एवं अन्य राजस्व विसंगतियां चिन्हित की गई हैं। इनका सुधार संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नेतृत्व में निर्धारित राजस्व प्रक्रिया के अनुसार प्रारंभ कर दिया गया है।

कलेक्टर चौहान ने कहा कि राजस्व अभिलेखों को अद्यतन, त्रुटिरहित और विवादमुक्त बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन का यह विशेष अभियान राजस्व अभिलेखों की शुद्धता सुनिश्चित करने, भूमि संबंधी विवादों में कमी लाने तथा ग्रामीण नागरिकों को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

जिले की नगर पालिका एवं नगर परिषदों की व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर जोर, डबरा नगर पालिका का निरीक्षण में सीएमओ व स्वास्थ्य अधिकारी को मिलेंगे कारण बताओ नोटिस

जिले की नगर पालिका एवं नगर परिषदों में विकास कार्यों तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) के परियोजना अधिकारी को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी डूडा भूमिजा सक्सेना ने बुधवार को नगर पालिका डबरा का निरीक्षण किया। उन्होंने डबरा नगर की विभिन्न बस्तियों का भ्रमण कर साफ-सफाई, जल निकासी तथा विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नगर पालिका डबरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। साथ ही जलभराव की स्थिति से बचने के लिए नालों एवं नालियों की नियमित सफाई कर प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित की जाए।