टॉप न्यूज़

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई; 3.20 लाख रुपये की अवैध शराब, गुड़ लहान और भट्टियां जब्त, कार्रवाई के दौरान कुल 12 प्रकरण दर्ज

आबकारी विभाग की टीम ने हजीरा, लाला का बाजार, कम्पू, तारागंज, माधवगंज, गोल पहाड़िया तथा भितरवार के चीनोर-करहिया क्षेत्र में कार्रवाई की, गुड़ लहान के नमूने लेने के बाद शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया

ग्वालियर। कलेक्टर  रुचिका चौहान के निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर 3.20 लाख रुपये मूल्य की अवैध देशी-विदेशी शराब, 2800 किलोग्राम गुड़ लहान तथा दो लोहे की भट्टियां बरामद कीं। कार्रवाई के दौरान कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें 11 प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) तथा एक प्रकरण धारा 34(1) एवं 45 के तहत पंजीबद्ध किया गया।

आबकारी विभाग की टीम ने हजीरा, लाला का बाजार, कम्पू, तारागंज, माधवगंज, गोल पहाड़िया तथा भितरवार के चीनोर-करहिया क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान हजीरा, कक्कड़ की बगिया, लाला का बाजार, माधवगंज और छतरी मंडी सहित विभिन्न स्थानों से अवैध देशी एवं विदेशी शराब बरामद की गई।

भितरवार के चीनोर-करहिया क्षेत्र के चमेली का चक, दुबहा-दुबही और लाल डांडा में प्लास्टिक की टंकियों एवं जमीन में बने गड्ढों से कुल 2800 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद हुआ। गुड़ लहान के नमूने लेने के बाद शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त दो लोहे की भट्टियां भी जब्त की गईं।

आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। रीना सविता के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अपराध दर्ज होने के कारण उसके खिलाफ धारा 34(1) एवं धारा 45 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

यह कार्रवाई कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में आबकारी अधिकारियों, उपनिरीक्षकों एवं विभागीय अमले द्वारा संयुक्त रूप से की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।रहेगा।