भितरवार। ग्राम पंचायत झांकरी में रानी घाटी ट्रस्ट की लगभग 108 बीघा भूमि को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण से मुक्त करा लिया है। यह कार्रवाई एसडीएम भितरवार राजीव समाधिया की मौजूदगी में पुलिस व राजस्व अमले के संयुक्त दल द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से रानी घाटी मंदिर ट्रस्ट की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया गया था, जिसे हटाने के लिए प्रशासन ने बीते दिनों मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और पुलिस बल की मदद से भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
इस दौरान चीनोर तहसीलदार रुची अग्रवाल, एसडीओपी भितरवार जितेंद्र नगाईच, थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह सहित राजस्व निरीक्षक, पटवारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने इसे सख्त और प्रभावी कदम बताया।
“आगे भी अभियान जारी रहेगा”
भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया ने स्पष्ट किया है कि शासकीय व धार्मिक ट्रस्ट की भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।रहेगा।
