ग्वालियर पुलिस की सराहनीय कार्यवाही में ऑटो में छूटा बैग खोजकर पुलिस ने फरियादी परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौटाई है। ऑटो में छूटे बैग को पुलिस ने नगदी एवं सोने के आभूषण सहित फरियादी को सुरक्षित लौटाया है। पुलिस की तत्परता से खोया सामान सुरक्षित मिलने पर फरियादी परिवार ने पुलिस का आभार जताया है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
ग्वालियर पुलिस के अनुसार बीती कुछ दिनों पहले फरियादी मनोज कुमार बंसल अपनी पत्नी के साथ ऑटो से 'गूजरी महल' एवं ग्वालियर किला घूमने गए थे। इस दौरान जल्दबाजी में उनकी पत्नी अपना बैग ऑटो में ही भूल गईं थी और दोनों ग्वालियर किले की ओर चले गए। कुछ समय बाद जब बैग की याद आई तो वे वापस लौटे, लेकिन तब तक ऑटो चालक वहां से जा चुका था। बैग में लगभग 16,000 रुपये नगद, सोने के दो कान के लटकन, एक मंगलसूत्र का पैंडल तथा कुछ कपड़े रखे हुए थे। काफी तलाश करने के बाद भी ऑटो नहीं मिलने पर फरियादी ने थाना ग्वालियर में सूचना दी।
मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने एएसपी अनु बेनीवाल को थाना ग्वालियर पुलिस की टीम गठित कर ऑटो चालक की तलाश कर खोया हुआ बैग की तलाश करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी ग्वालियर प्रशांत शर्मा ने थाना बल की एक टीम को ऑटो चालक की पतारसी के लिए लगाया। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से देखें और तकनीकी एवं मानवीय सूचना संकलित करते हुए ऑटो की पहचान एवं तलाश के प्रयास जारी रखते हुए की गई मेहनत एवं सूक्ष्म जांच के परिणामस्वरूप बीते रोज रविवार को संबंधित ऑटो को दस्तयाब कर लिया गया।
पूछताछ में ऑटो चालक ने फरियादी का बैग अपने पास सुरक्षित रखा होना बताया। जिस पर पुलिस ने बेग प्राप्त कर उसमें रखी 16,000 रुपये नगद राशि, सोने के दो कान के लटकन, मंगलसूत्र का पैंडल के साथ ही अन्य सामान यथावत ऑटो चालक से प्राप्त किया गया।
बरामद बैग एवं उसमें रखे सभी सामान को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद फरियादी के ससुर डॉ. कैलाश नारायण जैन, उम्र 77 वर्ष, निवासी तामेश्वर महादेव मंदिर, लखेरा वाली गली, थाना ग्वालियर को थाना बुलाकर विधिवत सुपुर्द किया । अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर फरियादी परिवार ने ग्वालियर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
*सराहनीय भूमिका:-* इस कार्यवाही में थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रशांत शर्मा, सउनि. अनूप भदौरिया, आरक्षक ब्रज किशोर भदौरिया, अशोक गुर्जर, नागर सिंह, अर्पण त्रिपाठी की महत्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय भूमिका रही है।
