ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने अनियमितता, अनुशासनहीनता, लापरवाही के चलते फर्जी तरीके से सफाई संरक्षक की हाजरी भरवाने पर जोनल हेल्थ ऑफिसर अर्जुन दास एवं बिना सूचना के लंबे समय तक लगातार अनुपस्थित रहने पर सफाई संरक्षक शीला/डब्बू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेशानुसार नियमित सफाई संरक्षक वार्ड क्र.-65 शीला/डब्बू अपने कार्य से बिना सूचना के निरंतर अनुपस्थित रहीं तथा न ही उनके द्वारा एईबास पोर्टल पंजीयन कराया गया। इसके बाद भी जोनल हेल्थ ऑफिसर अर्जुन दास द्वारा उनकी हाजिरी फर्जी तरीके से भरवाई गई। जिसकी शिकायत मिलने पर प्रभारी स्वच्छता अधिकारी दीपेन्द्र सेंगर द्वारा जांच की गई। जांच में पाया गया कि जेडएचओ अर्जुन दास द्वारा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर शीला की फर्जी हाजरी भरवाने का दबाव बनाया गया तथा फर्जी हाजरी भरवाई भी गई। इसको लेकर अर्जुन दास को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इसके साथ ही नियमित सफाई संरक्षक शीला/डब्बू बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रही जो अनुशासनहीनता को दर्शाता है। इसके चलते इन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
