टॉप न्यूज़

अपार' एक नई पहचान, उज्ज्वल भविष्य का सोपान ; जिले में भी हर शनिवार मनेगा 'मेगा अपार आईडी दिवस', अपार आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने में सहायक होगी

जिले के प्रत्येक विद्यालय में मेगा अपार आईडी दिवस में पालक आमंत्रित किए जायेंगे, पालक आधार एवं सहमति पत्र के साथ मौजूद होकर बच्चों की अपार आईडी बनवाएंगे

ग्वालियर। राज्य शिक्षा केन्द्र के दिशा-निर्देशों के पालन में ग्वालियर जिले में भी हर शनिवार को मेगा अपार आईडी दिवस मनाया जायेगा। जिले के प्रत्येक विद्यालय में मेगा अपार आईडी दिवस में पालक आमंत्रित किए जायेंगे। पालकगण आधार एवं सहमति पत्र के साथ उपस्थित होकर बच्चों की अपार आईडी बनवाएंगे।

 जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि अपार (Automated Permanent Academic Account Registry) आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने में सहायक होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, समग्र रिपोर्ट कार्ड, छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी, सीखने के परिणामों के साथ-साथ खेल, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का भी डिजिटल रूप से संग्रह एवं संरक्षण किया जा सकेगा।

 इस कार्य के लिए विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को नोडल अधिकारी बनाया गया है।