अपना शहर

शहर में 22 स्थानों पर लगेंगे बिजली समस्या समाधान शिविर: उपभोक्ताओं की शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण, विद्युत वितरण कंपनी ने विशेष संपर्क अभियान चलाया जा रहा है

शहर वृत्त ग्वालियर के विभिन्न क्षेत्रों में 5 जून, 13 जून एवं 20 जून को प्रत्येक तिथि में 22 स्थानों पर शिविर आयोजित होंगे, वही ग्वालियर में अब तक 90 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित, अब समय पर हो रही सटीक बिलिंग तथा रीडिंग

ग्वालियर। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए माह में विशेष संपर्क अभियान चलाया जा रहा है । इसके तहत शहर वृत्त ग्वालियर के विभिन्न क्षेत्रों में 5 जून, 13 जून एवं 20 जून को प्रत्येक तिथि में 22 स्थानों पर बिजली समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

महाप्रबंधक शहर वृत्त ग्वालियर संदीप कालरा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा बेहतर उपभोक्ता सेवाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतों का निराकरण कराने और कंपनी की जनहितैषी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि शिविरों में त्रुटिपूर्ण बिजली बिल, मीटर रीडिंग संबंधी त्रुटियां तथा अन्य बिलिंग शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र उपभोक्ताओं को मात्र 5 रुपये में नए ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन उपलब्ध कराने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

शिविरों में उपलब्ध रहेंगी विभिन्न सेवाएं

विशेष शिविरों में भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी एवं अस्थायी कनेक्शन संबंधी कार्य, ई-केवायसी, एनओसी जारी करना, खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज एवं ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा उपभोक्ता अपने बिजली बिलों का पूर्ण अथवा आंशिक भुगतान भी कर सकेंगे।

शिविरों में अग्रिम भुगतान पर मिलने वाली छूट, समाधान योजना सहित कंपनी की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी तथा पात्र उपभोक्ताओं को इन योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान की अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता अपने पास के बिजली वितरण केंद्र अथवा जोन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

ग्वालियर में अब तक 90 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगे, अब समय पर हो रही सटीक बिलिंग तथा रीडिंग

केन्द्र सरकार की रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) योजना के अंतर्गत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा ग्वालियर में अब तक 90 हजार 232 स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए हैं। जहां जहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, वहां पर समय पर बिलिंग तथा रीडिंग हो रही है तथा दिन के टैरिफ में 20 प्रतिशत की छूट भी मिल रही है। कंपनी ने कहा है कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं, सटीक बिलिंग और ऊर्जा दक्षता में सुधार हो रहा है। स्मार्ट मीटर लगाने का काम समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कंपनी की टीमें लगातार कार्य में जुटी हुई हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि नए टैरिफ आर्डर के अनुसार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अब खपत के आधार पर दिन के टैरिफ में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपयोग की गई बिजली पर 20 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यह सभी छूट अथवा प्रोत्साहन की गणना सरकारी सब्सिडी (यदि कोई हो) को छोड़कर की जा रही है। कंपनी ने कहा है कि यह उपभोक्ता श्रेणियों के लिए विशिष्ट नियमों और शर्तों के आधार पर दिन के विभिन्न समय के दौरान खपत की अवधि के अनुसार ऊर्जा शुल्क पर लागू होगी।

मात्र 5 रुपये में ग्वालियर के 3 हजार से अधिक किसानों को मिला नया स्थाई कृषि पंप कनेक्शन

राज्य शासन द्वारा घोषित 'किसान कल्याण वर्ष 2026' के अंतर्गत किसानों को सिंचाई पम्प कनेक्शन आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा ग्वालियर के किसानों को अब मात्र 5 रूपये के प्रारंभिक शुल्क में नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से अब तक 3 हजार 118 कृषि पम्प कनेक्शन उपलब्ध करा दिये गये हैं।