ग्वालियर। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद ग्वालियर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पंचवटी गौरव रेस्टोरेंट में फायर सेफ्टी व्यवस्थाएं निष्क्रिय और सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को सील कर दिया है।
गुरुवार को aj नगर निगम के फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा शहर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्थापित फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सिटी सेंटर स्थित अल्फांजो रेस्टोरेंट, फॉर्च्यून एवेन्यू, पंचवटी गौरव रेस्टोरेंट, स्कारलेट होटल एवं बाटा शोरूम सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में फायर सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया कि संबंधित प्रतिष्ठानों में स्थापित फायर सुरक्षा उपकरण पूर्णतः कार्यरत नहीं थे तथा फायर सुरक्षा नियमों के अनुसार आवश्यक न्यूनतम व्यवस्थाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
निरीक्षण में पंचवटी गौरव रेस्टोरेंट में फायर सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतः निष्क्रिय एवं नियमानुसार नहीं पाए जाने पर प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। इसके अतिरिक्त अन्य पांच प्रतिष्ठानों के संचालकों को फायर सुरक्षा उपकरणों को शीघ्र चालू कराने तथा निर्धारित समयावधि में संपूर्ण फायर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में संबंधित संचालकों से शपथ पत्र (एफिडेविट) प्राप्त किए हैं तथा उन्हें दो सप्ताह के भीतर समस्त फायर सुरक्षा व्यवस्थाएं पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है।
यह कार्रवाई निगमायुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार के निर्देशन एवं उपायुक्त फायर ब्रिगेड रजनीश गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई के दौरान कपिल पटेल (जोनल ऑफिसर), उमंग प्रधान (फायर ऑफिसर), सहायक फायर ऑफिसर जोगेंद्र सिंह गुर्जर , धर्मेंद्र भदौरिया प्रशांत, आशिक खान सहित फायर ब्रिगेड विभाग एवं मदाखलत विभाग का अमला उपस्थित रहा।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि फायर सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।रहेगी।
