ग्वालियर। पड़ाव स्थित शासकीय महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज, ग्वालियर में विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। संचालनालय तकनीकी शिक्षा द्वारा जारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की ऑनलाइन काउंसलिंग समय-सारिणी के अनुसार द्वितीय चरण के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 9 जून से 18 जून 2026 तक संचालित होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पंजीयन कर अपनी पसंद के संस्थान एवं पाठ्यक्रमों का चयन (चॉइस फिलिंग) कर सकते हैं। पंजीयन में संशोधन (एडिट रजिस्ट्रेशन) की सुविधा 19 एवं 20 जून 2026 को उपलब्ध रहेगी। इसके बाद मेरिट सूची जारी कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट dte.mponline.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं अथवा सीधे शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, ग्वालियर से संपर्क कर सकते हैं।
सीएलसी के माध्यम से भी मिलेगा प्रवेश का अवसर
द्वितीय चरण की चॉइस फिलिंग प्रक्रिया 10 जून से 22 जून 2026 तक चलेगी। इसके अंतर्गत अभ्यर्थियों को पुनः पंजीयन, संशोधन एवं चॉइस फिलिंग का अवसर दिया जाएगा। द्वितीय चरण की काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों पर संस्थागत स्तर की काउंसलिंग (सीएलसी) के माध्यम से 6 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक प्रवेश दिए जाएंगे।
रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध
महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में कम्प्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिकल एवं टेलीकम्युनिकेशन, टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर एवं इंटीरियर डिजाइन, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट तथा ब्यूटी कल्चर एवं कॉस्मेटोलॉजी जैसे रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में किसी भी आयु वर्ग की 10वीं उत्तीर्ण छात्राएं प्रवेश ले सकती हैं।
कैंपस प्लेसमेंट में बेहतर उपलब्धियां
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सिद्दीकी ने बताया कि संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी संकाय सदस्य तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान की जाती है। कॉलेज में कैंपस प्लेसमेंट की प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध है। वर्ष 2026 में डिप्लोमा उत्तीर्ण 81 छात्राओं में से 61 छात्राओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ है। शेष 20 छात्राओं ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अथवा स्वरोजगार को प्राथमिकता देने के कारण प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग नहीं लिया।
कॉलेज में छात्रवृत्ति योजनाओं का मिलेगा लाभ
कॉलेज में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, सामान्य वर्ग की पात्र छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति तथा मेरिट के आधार पर प्रगति, यशस्वी एवं सक्षम छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उपलब्ध है।
