ग्वालियर । नगर निगम के मदाखलत अमले द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण एवं पूर्व विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान ने बताया कि निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशों के तहत की गई कार्रवाई में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी द्वारा महाराज बाड़ा स्थित सुभाष मार्केट, नज़रबाग मार्केट, टाउनहॉल, टोपी बाजार तथा छापाखाना मुख्य मार्ग पर अभियान चलाकर यातायात एवं आमजन के आवागमन में बाधा बन रहे हाथठेलों एवं फुटपाथी दुकानदारों को हटाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के सामान की जप्ती की कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान फुटपाथ एवं हाथ ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे मुख्य मार्गों पर फड़ एवं ठेले लगाकर यातायात बाधित न करें। अन्यथा भविष्य में मदाखलत विभाग द्वारा सामान जप्त करने के साथ मौके पर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी सत्येंद्र सिंह भदौरिया द्वारा बैजाताल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यहां हाथठेले, आइसक्रीम की गाड़ियां एवं फुटपाथ पर किए अवैध कब्जों को हटाते हुए संबंधित सामान जब्त कर डीबी सिटी स्थित मदाखलत कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया।
दक्षिण विधानसभा की कार्रवाई में मदाखलत निरीक्षक विशाल जाटव, लव झा सहित दक्षिण विधानसभा का अमला मौजूद रहा, जबकि पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत निरीक्षक राकेश सिंह चौहान, सुघर सिंह सिसौदिया एवं संबंधित दल ने सक्रिय भूमिका निभाई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को प्रभावित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
बहोड़ापुर में गंदगी फैलाने पर गन्ने वालों पर लगाया जुर्माना
स्वास्थ्य अधिकारी अजय ठाकुर के निर्देशन में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत बीते रोज बहोड़ापुर क्षेत्र में कचरा प्रबंधन एवं सड़क अवरोध पर कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान गन्ने वालों द्वारा कचरा सड़क पर फेंकने और ठेले वालों द्वारा रोड पर अतिक्रमण करने की शिकायतों पर ₹2900 का जुर्माना लगाया गया।
इस कार्रवाई में जेडएच ओ प्रशांत संपत एवं मोनू सिंह, फ्लाइंग स्क्वाॅड टीम के सदस्य अमित करोसिया, बसंत करोसिया, मनोज भारती और नंदेश करोसिया भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से की गई है और जनता से अपील की कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें।करें।
