ग्वालियर। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीणों द्वारा आम रास्ता बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए थे।
शिकायत में बताया गया था कि ग्राम तिलैथा जागीर स्थित सर्वे क्रमांक 12, 17/1, 18/1 एवं 18/2 से होकर गुजरने वाला प्रचलित आम रास्ता गौरव जैठवानी एवं रामनिवास गुर्जर द्वारा बंद कर दिया गया था। यह रास्ता ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीण वर्षों से आवागमन के लिए उपयोग करते आ रहे थे, जिससे रास्ता बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस संबंध में संबंधित तहसील न्यायालय में विधिवत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद मंगलवार को पुलिस बल एवं राजस्व अमले की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर आम रास्ता खुलवाया गया।
रास्ता खुलने से ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। अब ग्रामीण बिना किसी बाधा के आवागमन कर सकेंगे। समस्या के त्वरित समाधान पर ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना था कि सरकार ने जन-सुनवाई संचालित कर हम सबको बड़ा संबल दिया है।
उधर नरवर के ग्राम सुनारी में पिछले 5 वर्षों से बंद पड़े आम रास्ते को अतिक्रमण कर किए गए कब्जे से मुक्त कराया
उधर शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट (DM) अर्पित वर्मा को जनसुनवाई में मिली शिकायत के आधार पर उन्होंने बीते रोज नरवर तहसीलदार को पूरे मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर वर्मा के निर्देशानुसार नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी द्वारा राजस्व, ग्राम पंचायत और पुलिस बल के साथ नरवर के ग्राम सुनारी में पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और पिछले 5 वर्षों से बंद पड़े शासकीय आम रास्ते को अतिक्रमण कर किए गए कब्जे से मुक्त कराया गया।
सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर रास्ते का सीमांकन करने के बाद जेसीबी मशीन द्वारा रात तक सभी अवरोधों को हटाया गया ।
इस आम रास्ते के खुलने से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की और जनसुनवाई को नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक सार्थक माध्यम बताया है।
ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण हुआ
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण कराया। कलेक्ट्रेट में स्थित ईवीएम वेयर हाउस में रखीं ईवीएम (इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन), सभी व्यवस्थाएं व सुरक्षा इंतजाम आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पाए गए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल बनवारिया, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि सतेन्द्र धाकड़ व विनोद शर्मा एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि एडवोकेट चैनसिंह राजपूत सहित अन्य प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
