ग्वालियर। ऑपरेशन मुस्कान में ग्वालियर पुलिस ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई का बड़ी सफलता का दावा किया है। बीते रोज पुरानी छावनी क्षेत्र के रूद्रपुरा से गायब हुए 6 वर्षीय बालक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। ग्वालियर पुलिस ने बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
पुलिस अधिकारीयों के अनुसार करीब 200 पुलिस जवानों ने रातभर क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल-ढाबों सहित विभिन्न स्थानों की जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद देर रात करीब 2 बजे बालक रूद्रपुरा क्षेत्र में ही एक ट्रॉली के अंदर सोता मिला है। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है और ग्वालियर पुलिस का आभार जताया है।
ग्वालियर जिले में गुमशुदा नाबालिग बालक/बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी बीच बीते 02.06.2026 रोज शाम 07 बजे एक 6 वर्षीय बालक के थाना पुरानी छावनी क्षेत्र के रूद्रपुरा से गायब होने की सूचना थाने पर प्राप्त हुई। गुमशुदा बालक के पिता सूरज आदिवासी (परिवर्तित नाम) निवासी अशोक नगर हाल रूद्रपुरा ग्वालियर ने बताया कि वह रूद्रपुरा में बन रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अपने परिवार के साथ मजदूरी का काम कर रहा है। 02 जून को शाम के समय उसका 6 साल का बच्चा खेलते हुए कहीं गायब हो गया है।
ग्वालियर पुलिस द्वारा नाबालिग छोटा बच्चा होने से मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह स्वयं पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और एएसपी अनु बेनीवाल तथा सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार को थाना पुरानी छावनी पुलिस तथा अन्य थानों की टीमें बनाकर नाबालिग बालक की पतारसी कर शीघ्र सकुशल दस्तयाब के लिए लगाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर थाना पुरानी छावनी के बल के अलावा पुलिस लाईन से 50 जवान एवं थाना हजीरा, पड़ाव, गोला का मंदिर एवं गिरवाई की पुलिस टीमों सहित 200 से अधिक जवानों को इस सर्च ऑपरेशन में लगाया गया और शहर के सभी प्वाइंटों को नाबालिग बालक की पतारसी के लगाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर थाना प्रभारी पुरानी छावनी सहित पुलिस की अन्य टीमों द्वारा क्षेत्र के साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबों एवं संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की गई। साथ ही बसों, ऑटो एवं टेम्पो वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के समस्त थानों एवं सीमावर्ती थाना क्षेत्रों को भी बालक की तलाश के संबंध में सूचना प्रसारित की गई। इस सर्च अभियान में ग्वालियर पुलिस के लगभग 200 जवानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इसी तलाशी अभियान के दौरान पुलिस टीम के लगातार प्रयासों एवं सघन सर्चिंग के दौरान देर रात 02 बजे पुलिस टीम को गुम बालक रूद्रपुरा क्षेत्र में ही एक ट्रॉली के अंदर सोता हुआ मिला। इसके बाद पुलिस द्वारा बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। ग्वालियर पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही के चलते बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा पुलिस टीम की सराहना की।की।
