ग्वालियर/ भिण्ड। ग्वालियर जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन पर मंगलवार को खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर अवैध रूप से बड़ी मात्रा डंप रेत जब्त की है। उधर भिंड में भी रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त अवैध पनडुब्बियों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खनिज विभाग की टीम ने ग्राम बहादुरपुरा एवं अतरसुमा सिंध नदी के घाटों पर दो पनडुब्बियों को मौके पर नष्ट कर अवशेष जब्त किये हैं। अवैध रेत उत्खनन पर हुई इस बड़ी कार्यवाही के दौरान अवैध उत्खननकर्ता मौके पर दो ट्रॉली छोड़कर भाग गए।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर में खनिज विभाग टीम ने शताब्दीपुरम, नारायण विहार कॉलोनी एवं दीनदयाल नगर क्षेत्र सहित पाँच स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 200 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत पाई गई है, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।
वही खनिज विभाग द्वारा अवैध रेत भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
ग्वालियर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा खनिज नियमों के प्रभावी पालन के लिए संबंधित विभागों को नियमित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उधर भिण्ड में दो पनडुब्बियों को मौके पर नष्ट कर अवशेष जब्त, ग्राम बहादुरपुरा एवं अतरसुमा सिंध नदी में अवैध रेत उत्खनन पर हुई कार्रवाई
उधर कलेक्टर भिण्ड के निर्देशन में एसडीएम लहार विजय यादव, एसडीएम भिण्ड अखिलेश शर्मा के साथ तहसीलदार श्रीनिवास शर्मा एवं थाना प्रभारी रौन राजवीर सिंह गुर्जर मय पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस दौरान खनिज दल भी मौके पर करवाई में मौजूद रहा। छापामार कार्रवाई के बीच अवैध उत्खनन कर्ता मौके पर दो ट्रॉली छोड़कर भाग गए।
एसडीएम लहार विजय सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस एवं खनिज विभाग के द्वारा की गई कार्रवाई में 10 लाख रूपये से अधिक लागत की दो अवैध पनडुब्बियां जब्त की गईं है। दोनों पनडुब्बियों को जेसीबी की सहायता से तोड़कर नष्ट किया गया एवं इसके बाद शेष बचे हुए कबाड़ को जिसमें उत्खनन में सम्मिलित पाइप ड्रम इंजन इत्यादि मटेरियल को ट्रैक्टर एवं डंपर की सहायता से उठाकर थाना रौन पहुंचाया गया।
एसडीएम लहार विजय सिंह यादव ने बताया की इस प्रकार की अवैध उत्खनन से जहां एक ओर जलीय जीवन तो संकट में पड़ ही चुका है तो वहीं अत्यधिक तेज रफ्तार एवं बेतरतीव ढंग से दौड़ते हुए ओवरलोड ट्रैक्टरों, डंपरों से कई निर्दोष सड़क पर दुर्घटनाओं के कारण अकाल मृत्यु का शिकार होते हैं। वहीं इस प्रकार का अवैध उत्खनन माफिया राज एवं आपसी रंजिश के चलते कई बड़े अपराधों को भी जन्म देता है।
एसडीएम ने कहा की अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेंगी, इसके पूर्व भी लगभग आधा दर्जन से अधिक पनडुब्बियों को क्षेत्र के अंतर्गत नष्ट करने का कार्य किया गया है। इसके साथ ही आधा सैकड़ा से अधिक ट्रैक्टर और डंपरों पर भी जुर्माने की कार्रवाई की गई है।
