ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 शुक्रवार को नगर निगम ग्वालियर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के लिए ई-बाइक रैली एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बताया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को शहर में ई-बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मर्सीहोम में पौधारोपण, विभिन्न पार्कों में पौधारोपण, चौराहों पर ग्रीन शेड की स्थापना, पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन लगाना तथा कपड़े के थैलों का वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिक, संगठनों से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुबह 6ः00 बजे रमौआ बांध पर श्रमदान, सुबह 7ः00 बजे पौधारोपण, सुबह 7ः30 बजे ई-बाईक एवं ई-स्कूटी रैली में प्रतिभागियों का एकत्रीकरण, सुबह 7ः40 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन, पर्यावरण शपथ एवं हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ होगा। बाईक रैली का मार्ग- कैप्टन हिल्स से सनवैली से कलेक्ट्रेट कार्यालय से आकाशवाणी चौराहा से गोविंदपुरी होते हुए अलकापुरी से तानसेन चौराहा होते हुए बाल भवन पर रैली का समापन होगा। इसके बाद सुबह 8ः40 बजे बाल भवन पर ग्रीन एक्सपो का उद्घाटन, रक्तदान शिविर, नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के बाद में पुरस्कार वितरण समारोह एवं पावर योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
