ग्वालियर। स्वच्छता कार्य में लापरवाही बरतने पर प्रभारी सहायक स्वच्छता अधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 16 दीपांशु करोसिया एवं डब्ल्यूएचओ वार्ड 35 नारायण पवार को निगमायुक्त के आदेश पर स्वच्छता कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली गई है।
बता दें कि शहर में अभी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 गतिशील है और स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए सर्वे टीमें लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर रही हैं, लेकिन अपनी आदतों से मजबूर नगर निगम का सफाई अमला सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के बीच सफाई कार्य का यह आलम है तो सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सीमावर्ति और दूरस्थ वार्डों में सफाई की क्या जमीनी हकीकत होगी।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी आदेश के अनुसार क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-16 अंतर्गत वार्ड क्र-35 का भ्रमण किया गया था। भ्रमण के दौरान पाया कि कैलाश टॉकीज के पास स्वर्ण रेखा नदी से लगे क्षेत्र में खुले में कचरा डंप किया जा रहा है, जबकि उस क्षेत्र में नियमित रूप से डोर-टू-डोर वाहन भी जा रहे हैं। निगमायुक्त ने समय-समय पर समस्त स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित किया है कि कचड़े के ठीये को पूर्णतः हटाये जावें, खुले में कचरा डंप करने पर नियमानुसार कार्यवाही की जावें, परन्तु खुले में कचरा डंप होने से स्पष्ट है कि आपके द्वारा नियमित रूप से सफाई कार्य की मॉनिरिंग नहीं की जा रही है। और फील्ड पर सफाई कार्य का निरीक्षण करने भी नहीं जाया जाता है। वर्तमान समय में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 का कार्य गतिशील है। ऐसी स्थिति में भी आपके द्वारा स्वच्छता कार्य में उदासीनता बरतने हुए कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है। जिसके कारण प्रभारी सहायक स्वच्छता अधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 16 दीपांशु करोसिया एवं डब्ल्यूएचओ वार्ड 35 नारायण पवार को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।
पुरानी वाटर लाइन के ऊपर सड़क सेटलमेंट होने के कारण हुआ था बड़ा गड्ढा,माधव नगर चौराहे के आगे सड़क पर हुए गड्ढे को भरा, निगम ने तत्काल कराया मरम्मत कार्य
माधव नगर चौराहे के आगे पंजाब नेशनल बैंक के सामने सड़क पर पुरानी वाटर लाइन के ऊपर सड़क सेटलमेंट होने के कारण गड्ढा बन गया था। इसकी जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए गड्ढे को तत्काल भरवा दिया है और सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा कराया गया है। अब देखना यह होगा कि यह सड़क की लीपापोती कितने दिन तक चलेगी। पिछले साल भी यह सड़क बारिश के सीजन में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर धसकी थी और निगम हर बार मरम्मत कार्य का हवाला देता रहा और सड़क बार बार धंसकती रही, जो प्रदेशभर में ग्वालियर का नाम सुर्खियों में छाये रहने का माध्यम बनी रही थी ।
जानकारी देते हुए नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सुरेश अहिरवार ने बताया कि सड़क पर हुए गड्ढे की सूचना मिलने के बाद निगमायुक्त के निर्देश पर संबंधित अमले को मौके पर भेजा गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गड्ढे को भरकर सड़क को सुरक्षित एवं सुगम बनाया गया है, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि नगर निगम शहर की सड़कों की नियमित निगरानी कर रहा है और कहीं भी सड़क क्षति या अन्य समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसी समस्याओं की सूचना समय पर दें, ताकि उनका शीघ्र निराकरण किया जा सके।
