टॉप न्यूज़

गुना-शिवपुरी और भितरवार में भी बारिश: ग्वालियर,भोपाल में बादल छाए हैं, भितरवार में अलसुबह अचानक मौसम बदला, तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई , प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को भी आंधी-बारिश का दौर जारी

प्रदेश में खंडवा-पचमढ़ी में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे आ गया है, रविवार को आंधी-बारिश के चलते भितरवार तहसील परिसर में गिरा

भोपाल/ग्वालियर। प्री-मानसून की सक्रियता के चलते चौथे दिन ही नोतपा आंधी-बारिश की भेंट चढ़कर ठंडा पड़ गया है। प्रदेश के शिवपुरी, गुना, टीकमगढ़ और उज्जैन समेत कई जिलों में आज सोमवार को भी आंधी-बारिश का दौर जारी है। शिवपुरी में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। तो टीकमगढ़ में सुबह 10:30 बजे तेज हवा चली, फिर बारिश शुरू हो गई। इसी तरह गुना में भी 11 बजे से तेज बारिश हुई। वही ग्वालियर में भी मौसम बदला हुआ है, बीते देर शाम हुई बारिश के बाद से मौसम में ठंडक का अहसास  है। सोमवार को सुबह से ही बादल छाए हँ। उधर सीहोर में दोपहर 12 बजे से डेढ़ बजे तक जमकर पानी बरसा है। बताया जाता है कि यहां की एक चाणक्यपुरी कॉलोनी में बिजली की डीपी से करंट लगने के कारण दो बकरियों की मौत हो गई। वही कहीं, कहीं ओले गिरने की भी खबरें आ रही हैं। 

 आंधी और बारिश के बीच रविवार-सोमवार की दरमियानी रात खंडवा में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जबकि पचमढ़ी में पारा 19.4 डिग्री तक पहुंच गया।

वही भोपाल में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री, इंदौर में 26.4 डिग्री, ग्वालियर और जबलपुर में 24.7 डिग्री जबकि उज्जैन में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दमोह में 21.8 डिग्री, रीवा में 22 डिग्री, खरगोन और छिंदवाड़ा में 23.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रविवार को भितरवार तहसील में गिरा "स्वान" का टावर, शासकीय कार्यालयों का केबल नेटवर्क ध्वस्त, कामकाज प्रभावित, राहगीर और कर्मचारी बाल-बाल बचे

अंचल में भी आंधी बारिश के दौर के बीच ग्वालियर जिले की भितरवार तहसील परिसर में स्थापित "स्वान" (SWAN) नेटवर्क का टावर अचानक गिर जाने से शासकीय कार्यालयों की इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। टावर गिरते ही उससे जुड़ी केबलें और नेटवर्क उपकरण जमीन पर बिखर गए, जिससे कई विभागों का ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो गया है।

घटना के समय परिसर में लोगों की आवाजाही थी, टावर गिरने के दौरान आसपास मौजूद राहगीर और कर्मचारी बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टावर गिरने से तहसील, जनपद सहित अन्य कार्यालयों में इंटरनेट आधारित सेवाएं प्रभावित हुई हैं। ऑनलाइन कार्य बाधित होने से कर्मचारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा नेटवर्क सिस्टम की बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं। टावर गिरने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। प्रारंभिक तौर पर टावर के स्ट्रक्चर और केबल नेटवर्क को भारी क्षति पहुंचने की बात सामने आ रही है।है।