ग्वालियर। रविवार की शाम ग्वालियर से इंदौर जा रही द्विवेदी बस सर्विस की एक स्लीपर बस में पनिहार रेलवे स्टेशन के सामने अचानक आग लग गई। बस में उस समय करीब 45 यात्री सवार थे। चालक की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी 09 एफए 9349 ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में पनिहार रेलवे स्टेशन के सामने चालक को बस के बोनट से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। उसने तत्काल बस रोककर यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पनिहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। आग की वजह से बस को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
पनिहार थाना प्रभारी हरेंद्र शर्मा के मुताबिक घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते बस खाली करा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
