ग्वालियर। नाला निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर प्रभारी सहायक यंत्री जनकार्य विभाग क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 23 रजनीश गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय क्र.-23 शिल्पा दिनकर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है ।
शहर के वार्ड क्रमांक 64 में ग्राम शंकरपुर उद्योग नगरी से हाईवे तक नाला निर्माण कार्य किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा जारी किए गए टेंडर के अनुसार नाला निर्माण का कार्य 01 गुणा 0.9 मीटर का किया जाना था। किंतु ठेकेदार ने नाला निर्माण की लंबाई चौड़ाई बढाकर 1.5 गुणा 1.5 मीटर कर दी। इसके चलते राशि 250 मीटर नाला निर्माण का कार्य पूर्ण होने से पहले खत्म हो गई और कार्य अधूरा रह गया। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी शिकायत सोशल मीडिया के माध्यम से नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय से की। नगर निगम आयुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभारी सहायक यंत्री जनकार्य विभाग क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 23 रजनीश गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय क्र.-23 दिनकर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
ट्रेड लाइसेंस में बनाने और रिन्यूअल कार्य में लापरवाही पर 11 राजस्व कर संग्राहकों को नोटिस, तीन दिन में मांगा है जवाब
इधर नगर निगम के राजस्व विभाग में ट्रेड लाइसेंस बनाने और रिन्यूअल कार्य में लापरवाही सामने आने पर अपर आयुक्त राजस्व ने 11 राजस्व कर संग्राहकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नोडल अधिकारी राजस्व अनूप लिटोरिया ने बताया कि 29 मई को सुबह 11.30 बजे अपर आयुक्त राजस्व प्रदीप सिंह तोमर द्वारा विभागीय समीक्षा बैठक ली गई थी। बैठक में त्रैमासिक लक्ष्य के अनुसार नवीन और रिन्यूअल ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा की गई। समीक्षा में कई क्षेत्रों में लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम कार्य पाए जाने पर नाराजगी जताई गई।
सबसे पहले क्षेत्र क्रमांक-3 के राजस्व कर संग्राहक आशीष सोन को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में उल्लेख किया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में उनके द्वारा कुल 10 ट्रेड लाइसेंस बनाए गए थे, जबकि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक केवल 2 ट्रेड लाइसेंस रिन्यूअल और 1 नया ट्रेड लाइसेंस बनाया है। इसे सौंपे गए दायित्वों के प्रति लापरवाही माना है।
इसके अलावा क्षेत्र क्रमांक-4 के भारत सिंह गुर्जर, क्षेत्र-7 के अंशुल पाराशर, क्षेत्र-10 के ऋषि कुमार, क्षेत्र-11 के धर्मेन्द्र धाकड़, क्षेत्र-14 के करीत गुर्जर, क्षेत्र-15 के मनोज राजपूत, क्षेत्र-18 के संजय रजक, क्षेत्र-19 के हेमंत शर्मा, क्षेत्र-21 के वेदांत सिंह जादौन और क्षेत्र-22 के दिनेश जाटव को भी नोटिस जारी किए गए हैं। अपर आयुक्त राजस्व ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्र में आने वाली दुकानों और संस्थानों के 100 प्रतिशत ट्रेड लाइसेंस बनाए जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने पर आगे और सख्त कार्रवाई किए जाने के लिए आगहा किया है।
प्रशासनिक कार्य व्यवस्था की दृष्टि से दक्षिण विस क्षेत्र में जल प्रदाय एवं सीवर के अधिकारियों के कार्यों में फेरबदल, सौंपे दायित्व
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने प्रशासनिक कार्य व्यवस्था की दृष्टि से अधिकारियों के कार्यों में फेरबदल किया गया है। निगमायुक्त द्वारा जारी आदेशानुसार विपिन दुबे को प्रभारी सहायक यंत्री जल प्रदाय एवं सीवर वार्ड क्रमांक 34, 35, 37, 38, 39, 42, 43, 49, एवं 51 (ग्वालियर दक्षिण विधानसभा) तथा शेष कार्य यथावत रहेगें। इसके साथ ही सौरभ शाक्य को प्रभारी सहायक यंत्री जल प्रदाय एवं सीवर वार्ड क्र-40, 41, 44, 46, 47, 48, 50, 52, 53, 54 एवं 55 (ग्वालियर दक्षिण विधानसभा) का दायित्व सौंपा गया है।है।
